भाजपा की जन आक्रोश यात्रा पर निशाना साधते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री ममता भूपेश ने तंज भरे लहजे में कहा कि हम उनकी यात्रा का समर्थन करते हैं, लेकिन वो आक्रोश रैली इसलिए निकालें कि देश में महंगाई बढ़ रही है।
बेरोजगारी के खिलाफ, झूठे वादे करने वाले प्रधानमंत्री के खिलाफ जिन्होंने युवाओं को रोजगार देने का वादा कर नौजवानों को धोखा दिया, नोटबंदी के खिलाफ आक्रोश यात्रा निकाले, जिससे देश की जनता ने परेशानी झेली है।
सिकराय विधानसभा क्षेत्र के जौंण गांव में एक निजी कार्यक्रम पहुंची मंत्री ममता भूपेश ने कहा प्रधानमंत्री ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को नेशनल प्रोजेक्ट घोषित करने का सार्वजनिक सभा में ऐलान किया था। इसके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी आक्रोश रैली निकालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के 25 सांसद चार साल से मूक-बधिर बनकर बैठे हैं, लेकिन प्रदेश की आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। केंद्र सरकार राजस्थान के लिए कोई नई घोषणा भी नहीं कर रही है।
कांग्रेस सरकार के साथ भेदभाव कर रहा केंद्र
मंत्री ने कहा पिछले दिनों बांसवाड़ा आए प्रधानमंत्री को मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करना चाहिए था। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने भी प्रधानमंत्री से मांग की थी। लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर आदिवासी समाज को नजरअंदाज कर दिया। इसका सबसे बड़ा कारण है राजस्थान में भाजपा की नहीं कांग्रेस की सरकार है।
सरकार में सब कुछ ठीक, हम सब एक हैं
मंत्री ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि पूरे जिले के कार्यकर्ता यात्रा के स्वागत सत्कार की तैयारियों में जुटे हुए हैं। यात्रा का उद्देश्य है कि देश में साम्प्रदायिक माहौल के खिलाफ, देश में युवाओं को रोजगार नहीं मिलने के खिलाफ राहुल गांधी रैली निकाल रहे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा आने से पहले कांग्रेस की अंदरूनी उठा-पटक के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार में कुछ नहीं चल रहा, हम सब एक हैं। इस वक्त सभी लोग यात्रा का राजस्थान में भव्यता के साथ स्वागत करने को पलक पावडे़ बिछाए हुए हैं।
उन्होंने कहा फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को महीने में 15 दिन रात को थ्री फेज बिजली सप्लाई को लेकर कहा की सरकार आगामी कुछ दिनों में बिजली की रात की सप्लाई में शीघ्र ही सुधार करेगी।