बिलासपुर : कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए एम्स बिलासपुर में रेडियोथैरेपी की सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में विशेष व्यवस्था की जा रही है। अब रेडियोथैरेपी के दौरान मरीजों के शरीर को एक निश्चित स्थिति में स्थिर रखने के लिए आधुनिक थर्मोप्लास्टिक मास्क की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे न केवल उपचार की सटीकता बढ़ाने में मदद मिलेगी, बल्कि मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों का रुख करने की जरूरत भी कम हो सकती है।
थर्मोप्लास्टिक मास्क कैंसर मरीज के शरीर को स्थिर रखने में करता है मदद
जानकारी के अनुसार रेडियोथैरेपी के दौरान कैंसर प्रभावित हिस्से पर विशेष किरणों के माध्यम से उपचार किया जाता है। इस प्रक्रिया में मरीज का शरीर एक ही स्थिति में रहना जरूरी होता है। विशेषकर सिर, गर्दन और मस्तिष्क के कैंसर में थोड़ी सी हलचल भी विकिरण की दिशा को प्रभावित कर सकती है। थर्मोप्लास्टिक मास्क इसी समस्या का समाधान है। इसे गर्म करके मरीज के चेहरे या शरीर के संबंधित हिस्से के आकार में ढाला जाता है। ठंडा होने के बाद यह सख्त हो जाता है और उपचार के दौरान मरीज को हिलने से रोकने में मदद करता है। इस सुविधा का लाभ सिर, गर्दन, मस्तिष्क के अलावा स्तन, कूल्हे और पेल्विस क्षेत्र के कैंसर मरीजों को भी मिलेगा। अलग-अलग अंगों के लिए विशेष डिजाइन वाले मास्क इस्तेमाल किए जाएंगे।
इसका सीधा लाभ मरीजों और उनके परिजनों को मिल सकता है। बेहतर उपचार सुविधा के लिए दूसरे शहरों और राज्यों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होने से आने-जाने का खर्च, रहने-खाने का खर्च और समय बचेगा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बड़ी राहत साबित हो सकती है। बार-बार लंबी दूरी की यात्रा करने से होने वाली शारीरिक परेशानी भी कम होगी। एम्स प्रबंधन की मानें तो संस्थान में इस तरह की आधुनिक व्यवस्था से कैंसर उपचार की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और हिमाचल सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने ही प्रदेश में बेहतर उपचार का लाभ मिल सकेगा।