शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर हिमाचली धरोहरों को सरेआम बेचने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मित्रों के लिए प्रदेशहितों की बलि दी जा रही है तथा मुख्यमंत्री रियल एस्टेट डीलर की तरह बर्ताव कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश की हर विरासत और संपत्ति को बेचने के लिए आतुर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आते ही उन्होंने पालमपुर विश्वविद्यालय की 112 हैक्टेयर जमीन बेचने का प्रयास किया। इसके लिए यदि कानूनी लड़ाई नहीं लड़ी गई होती, तो वह भी अब तक मित्रमंडल के हत्थे चढ़ गई होती।
इसके बाद अब प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत कहे जाने वाला पीटरहॉफ को भी बेच दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में वाइल्ड फ्लावर हॉल को निजी कंपनी को सौंपने के मामले में भी कोई पारदर्शिता नहीं दिखाई गई। जो कुछ हुआ, उसकी प्रक्रिया पहले से ही तय थी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर मित्रमंडल के हितों के लिए हिमाचल ऑन सेल का एक सूत्रीय कार्यक्रम चलाने का आरोप लगाया। सरकार की तरफ से हिमाचल और हिमाचलियत के लिए बनाए हिमाचल प्रदेश भूमि जोत सीमा अधिनियम, 1972 की धारा 118 में भी बदलाव के लिए 2 बार विधानसभा में बिल ला दिए, जिसे विपक्ष के विरोध के बाद रोका गया।
उन्होंने प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने में धारा 118 से छूट दिलाने के नाम पर बड़े-बड़े गैंग सक्रिय होने के संगीन आरोप लगाए जो सीएम ऑफिस या उनके मित्रमंडल से सीधे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैडीकल डिवाइस पार्क जिससे प्रदेश की सूरत बदल सकती थी, उसमें करीबियों को प्लॉट बेचने के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सबसे पहला निवाला एचपीटीडीसी के होटल बने, जिसे नुक्सान के नाम पर अपने लोगों को देने की शुरूआत हुई। सरकार की तरफ से रियल एस्टेट डीलिंग को धार देने के लिए हिम चंडीगढ़ की स्कीम लाई गई है, जो आने वाले समय में भ्रष्टाचार का अड्डा बनकर सामने आएगी।