चंडीगढ़ : हरियाणा में चुनावी पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत हरियाणा कांग्रेस 12 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रदेशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल अभियान चलाएगी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न जिलों का दौरा कर चौपालों के माध्यम से आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह दो सप्ताह तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। अभियान के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, चुनावी निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर जनजागरण किया जाएगा।
2024 के विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा पर लगाए आरोप
कांग्रेस ने इस अभियान को हरियाणा के 2024 विधानसभा चुनावों की निष्पक्षता से जुड़े अपने आरोपों से भी जोड़ा है। पार्टी का आरोप है कि विधानसभा चुनाव में उसके पक्ष में आए जनादेश को कथित चुनावी हेराफेरी और वोट चोरी के जरिए पलटा गया तथा इसका फायदा भाजपा को मिला।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से मतदाता सूचियों में संदिग्ध प्रविष्टियों, डुप्लीकेट मतदाताओं और संदेहास्पद पतों को लेकर उठाए गए सवालों का भी अभियान में मुद्दा बनाया जाएगा। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग से जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
SIR पर रोक और वोट चोरी की जांच की मांग
कांग्रेस इस अभियान के दौरान अपनी प्रमुख मांगों को जनता के बीच रखेगी। इनमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान पर रोक लगाने, कथित वोट चोरी के आरोपों की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराने और मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक जांच की मांग भी दोहराएगी। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त होकर स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए।
हुड्डा, सैलजा और सुरजेवाला समेत पूरा नेतृत्व होगा सक्रिय
इस प्रदेशव्यापी अभियान में हरियाणा कांग्रेस का वरिष्ठ नेतृत्व भी सक्रिय भागीदारी करेगा। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, एआईसीसी महासचिव कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला, सीडब्ल्यूसी के स्थायी आमंत्रित सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर और उदयभान भी चौपालों में शामिल होंगे।
इसके अलावा पार्टी के सांसद, विधायक, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और विभिन्न अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी अभियान का हिस्सा बनेंगे।
गांव-गांव तक पहुंचाएंगे लोकतंत्र बचाने का संदेश
कांग्रेस के अनुसार, ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले, ब्लॉक, गांव और घर तक मताधिकार की सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है। चौपालों के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में संभावित अनियमितताओं के प्रति जागरूक किया जाएगा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।
पार्टी का कहना है कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। इसकी सुरक्षा किसी एक राजनीतिक दल या चुनाव तक सीमित मुद्दा नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का सवाल है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि चुनावी निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित होने तक यह अभियान जारी रखा जाएगा।