नई दिल्ली: आईसीसी की नई टेस्ट रैंकिंग में श्रीलंका के ओपनर पाथुम निसांका को 42 स्थान का फायदा हुआ है। बुधवार को जारी रैंकिंग में निसांका 568 प्वाइंट्स के साथ 39वें रैंक पर पहुंच गए हैं। भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल इस वक्त टेस्ट नहीं खेल रहे, लेकिन इसके बाद भी उन्हें एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। इंग्लैंड के जो रूट बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप पर मौजूद हैं, जबकि हैरी बू्रक को 7 स्थान का नुकसान हुआ है। बू्रक 709 प्वाइंट्स के साथ अब 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारतीय प्लेयर्स रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा अब 751 की रेटिंग के साथ नंबर पांच पर पहुंच गए हैं। वहीं यशस्वी जायसवाल अब 740 की रेटिंग के साथ नंबर 6 पर हैं। विराट कोहली नंबर 7 पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 737 की है। भारतीय टीम 19 सितंबर से बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले टेस्ट में एक्शन में दिखाई देगी।
टॉप-4 की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं
टेस्ट रैंकिंग में अभी भी इंग्लैंड के जो रूट नंबर एक पर हैं। उनकी रेटिंग अब 899 हो गई है। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन दूसरे स्थान पर हैं। उनकी रेटिंग इस वक्त 859 की है। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 768 की रेटिंग के साथ टेस्ट रैंकिंग में नंबर तीन पर बने हुए हैं। स्टीव स्मिथ 757 की रेटिंग के साथ रैंकिंग में नंबर-4 पर हैं।
बॉलिंग रैंकिंग में अश्विनी टॉप पर
आईसीसी की नई बॉलिंग रैंकिंग में भारत के रविचंद्रन अश्विन 870 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर बने हुए हैं। जोश हेजलवुड और जसप्रीत बुमराह 847 पॉइंट्स के साथ दूसरे पोजिशन पर हैं। न्यूजीलैंड के काइल जैमीसन और मैट हेनरी को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी को भी एक स्थान का फायदा हुआ है। वह अब 11वें स्थान से 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं।