हुलुनबुइर: भारतीय हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। टीम ने तीसरे मुकाबले में मलेशिया को हराया। बुधवार को हुलुनबुइर में खेले गए मैच में पेरिस ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट टीम ने 8-1 से जीत दर्ज की। भारत की इस चैंपियंस ट्रॉफी में यह लगातार तीसरी जीत है। टीम ने पहले मैच में चीन और दूसरे में जापान को हराया था। अगला मुकाबला 12 सितंबर को कोरिया से खेला जाएगा। भारत के लिए राजकुमार पाल ने हैट्रिक गोल किए। उनके अलावा अरिजीत सिंह ने दो गोल दागे। हरमनप्रीत सिंह, उत्तम सिंह और जुगराज ने 1-1 गोल किया। बता दें एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के प्वॉइंट्स टेबल पर भारत पहले नंबर पर है। उसके तीन मैच में तीन जीत के साथ नौ प्वॉइंट्स हैं। दूसरे नंबर पर पाकिस्तान है।
उसके 3 मैच में एक जीत और दो ड्रॉ के साथ पांच प्वॉइंट्स है। भारत के साथ इस टूर्नामेंट में चीन, कोरिया, जापान, मलेशिया और पाकिस्तान भाग ले रहे हैं। राइवल पकिस्तान से भारत का मुकाबला 14 सितंबर को होगा। टूर्नामेंट का फाइनल 17 सितंबर को खेला जाएगा। भारतीय हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैंपियन है। भारत ने चार और पाकिस्तान ने तीन बार खिताब जीता है। वहीं 2021 में साउथ कोरिया ने टाइटल जीता था।