नई दिल्ली : राहुल द्रविड़ ने रविवार को कहा कि बढ़ते प्रतिभा पूल की बदौलत भारतीय क्रिकेट एक ‘बेहद शक्तिशाली’ ताकत के रूप में विकसित हुआ है और यह अब देश के सुदूर कोने तक भी फैल गया है। द्रविड़ ने कहा कि एक मजबूत क्लब क्रिकेट संस्कृति का राष्ट्रीय टीम में शहर के क्रिकेटरों के दबदबे की पुरानी प्रवृत्ति को खत्म करने में काफी योगदान है। पूर्व कोच ने कहा, अगर आप आज भारतीय क्रिकेट को देखें, तो यह बेहद मजबूत है, यह बेहद शक्तिशाली है। इसका एक बड़ा कारण यह है कि प्रतिभाएं हर जगह से, देश के हर कोने से आती है।
द्रविड़ में भारतीय क्रिकेट के बढ़े हुए स्तर का उदाहरण घरेलू क्रिकेट से दिया। उन्होंने कहा, आप अब रणजी ट्रॉफी के स्तर को देखिए, आप किसी भी टीम को हलके में नहीं ले सकते है। मैं किसी का अनादर नहीं कर रहा हूं, लेकिन जब मैंने खेलना शुरू किया था तब दक्षिण क्षेत्र में तमिलनाडु और हैदराबाद को छोडक़र हम अन्य टीमों के प्रति थोड़े आश्वस्त होकर खेलते थे, लेकिन अब आप ऐसा नहीं कर सकते है।