जम्मू-कश्मीर से वांटेड संदिग्ध आतंकी उजैद को मेरठ स्वॉट टीम ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पाकिस्तानी हैंडलर के कहने पर उजैद और उसके साथी मिलकर किशोरों को फिदायीन आतंकी बनाने का मॉड्यूल चला रहे थे। संदिग्ध जम्मू-कश्मीर में आर्मी कैंप और आर्मी काफिले पर उरी और पुलवामा जैसा हमला करने की योजना बना रहे थे।
पकड़ा गया उजैद फिदायीन हमलों में इस्तेमाल होने वाली एक्सप्लोसिव जैकेट लेने के लिए गुरैज वैली होकर पाकिस्तान में ट्रेनिंग के लिए जाने वाला था। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेसवार्ता में उजैद निवासी बनियापाड़ा कोतवाली मेरठ की गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मॉड्यूल का खुलासा नवंबर 2025 में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किया था और साजिद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। उजैद इसी केस में वांटेड था और 10 माह से फरार था।
उजैद और साजिद समेत कुछ युवक सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर और आईएसआई एजेंट के संपर्क में आए थे। इन लोगों को किशोरों को आत्मघाती आतंकी बनाने आतंकी मॉड्यूल में शामिल करने का टास्क दिया गया था।
आतंकवादी मसूद अजहर के देखता था वीडियो
उजैद पाकिस्तानी आतंकी मौलाना मसूद अजहर, तारिक मसूद और डॉ इशरार का फैन था और उसकी वीडियो देखता था। इन्हीं वीडियो पर कमेंट करने के दौरान पाकिस्तानी हैंडलर की नजर में उजैद आया था। इंस्टाग्राम, सोशन एप और सिग्नल एप पर ट्यूशन-40 और ब्रिगेड नाम से ग्रुप बनाकर उजैद और बाकी को जोड़ा गया था। इन्हीं ग्रुप में पीओके से आतंकी अमीर हमजा, पाकिस्तान के पंजाब से अबू मुसाब और पीओके से फुरकान व कामरान समेत कई आईएसआई एजेंट जुड़े थे।
ऐप पर ग्रुप से बनाई हमले की योजना
संदिग्ध आतंकी साजिद, उजैद और इनके साथियों के मंसूबे खतरनाक थे। सेशन ऐप पर आरोपियों ने ब्रिगेड नाम से ग्रुप बनाया था इसी पर हमले की प्लानिंग की थी। साजिद ने कहा था कि बम वाली जैकेट पहनकर आर्मी का चेकपोस्ट उड़ा दूंगा। लिखा कि इंशाअल्लाह, मैं 100 प्रतिशत दूंगा। दूसरे साथी ने पूछा कि जैकेट कहां है? इस पर पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर ने लिखा था कि बना लेंगे घर में ही।
महिलाओं को मोहरा बना रहा पाकिस्तान
दपाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठन व सरगना अब भारत में हमले के लिए महिलाओं को मोहरा बना रहे हैं। जैश-ए-मोहम्मद ने इसके लिए अपना महिला विंग ‘जमात-उल-मोमिनात’ बनाया है, जो भारत में महिलाओं को आतंकी वारदात के लिए भर्ती करने में लगा है। शहजाद भट्टी नेटवर्क भी सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को जोड़ रहा है।