उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त संदेश दिया है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और एनकाउंटर का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, ‘एनकाउंटर कर दिए हैं, फ्यूचर के लिए कुछ नहीं छोड़ा।’ योगी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अपनी सरकार की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की गई है। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और नोएडा जाने से जुड़े पुराने अंधविश्वास का जिक्र किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए नोएडा से जुड़े पुराने अंधविश्वास का मुद्दा उठाया। योगी ने कहा कि कुछ पूर्व मुख्यमंत्री कुर्सी जाने के डर से नोएडा जाने से बचते थे, जबकि उन्होंने इस तरह के अंधविश्वास को नहीं माना।
एनकाउंटर कर दिए हैं- योगी आदित्यनाथ
जब योगी से सवाल पूछा गया कि उनके ऊपर आरोप ये भी लगते हैं कि वे माहौल तो बेहतर कर रहे हैं उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक कर रहे हैं, लेकिन कानून को ही ताक पर रखकर कानून व्यवस्था ठीक करने की कोशिश करते हैं। योगी बेवजह एनकाउंटर कराते हैं, बुलडोजर एक्शन कराते हैं। इस पर यूपी सीएम ने कहा, "देखिए कर नहीं रहे हैं, कर दिए हैं। हमने फ्यूचर के लिए कुछ छोड़ा ही नहीं है। ये तो हो चुका है। लेकिन हां, कानून को जो भी चुनौती देगा तो उसकी चुनौती को जरूर स्वीकार करेंगे। चुनौती को जैसा प्रश्न करेगा वैसे उत्तर देंगे।"
योगी ने अखिलेश के नोएडा ना जाने पर घेरा
इससे पहले योगी ने कहा, "उनको ये सौभाग्य क्यों नहीं मिल पाया कि वे नोएडा जाकर अपनी ही घोषणाओं का उद्घाटन कर सके। दुर्भाग्यशाली थे कि जिनको अपनी की हुई चीज को उद्घाटन करने का अवसर नहीं प्राप्त होता है। हम तो सौभाग्यशाली हैं ही कि सामान्य घर में पैदा हुए। लेकिन आज यूपी की इकॉनमी को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त कर दी। यूपी के अंदर लाखों नौजवानों के हाथों को कार्य दे दिया। बिना भेदभाव के हर एक व्यक्ति को हमने नौकरी दे दी। यूपी की लगभग मृत प्राय हो चुके MSME सेक्टर को पुनर्जीवित करके वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के माध्यम से उसकी ब्रांडिंग की। और ब्रांडिंग करने के माध्यम से आज सवा तीन करोड़ लोग उसके माध्यम से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। सवा तीन करोड़ बहुत बड़ी संख्या होती है। देश और दुनिया के अंदर बहुत कम राज्य देश होंगे जिनकी आबादी सवा तीन करोड़ से ऊपर की है। उतने लोगों को हम केवल MSME सेक्टर में रोजगार दे रहे हैं। "
उन्होंने कहा, "निवेश का बेहतरीन माहौल बनाकर के 2016 में भी यूपी के अंदर इन्वेस्टर्स समिट आयोजित किया गया था। एक भी इन्वेस्टर नहीं आने से मना कर दिया था। तो फिर यहां का इन्वेस्टर्स समिट दिल्ली के एक होटल में होता है। आज यूपी के अंदर कोई इन्वेस्टर्स समिट हम करते हैं तो देश और दुनिया का हर बड़ा उद्यमी यूपी आकर के निवेश की घोषणा डंके की चोट पर करता और अपने निवेश को जमीनी धरातल पर उतारता है। कोई सोचता है यूपी के अंदर पचास लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त होंगे? ये जमीनी धरातल पर आज हो रहे हैं। उसी का परिणाम है। आज जेवर एयरपोर्ट क्यों आज बन रहा है? क्यों नहीं इन्होंने बना दिया? नोएडा भारत की इकॉनमी का ग्रोथ इंजन है। यूपी की इकॉनमी को जहां से ताकत मिलती, अंतविश्वास और पाखंड के नाते तत्कालीन मुख्यमंत्री नहीं जाते थे। विरासत में हमें प्राप्त क्या हुआ? 2017 में? चार लाख बायर्स थे जिनको मकान नहीं मिल पाए थे। जिनका पैसा पांच साल, दस साल पहले लिया गया था, बीस साल पहले लिया गया था। मैं कभी विदेशों में अगर दौरे होते थे, कहीं बाहर जाते थे, तो कहीं भी गए। वहाँ पे भारतीय मिशन से जुड़े हुए कोई भी अधिकारी, कोई भी वहाँ का कर्मचारी एक बात कहता था, साहब हमारी पूरे वेतन का पैसा हमने अपना पूरा पीएफ का पैसा वहां एक फ्लैट खरीदने के लिए दिया था। कोई कहता था बीस साल हो गए, कोई कहता था पंद्रह साल हो गए, कोई कहता था पांच वर्ष हो गए। हमें आवास नहीं मिल पाए। हमने बिल्डर और बायर्स की बैठक की। और मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि हमने चार लाख बायर्स को उनके आवास उपलब्ध करवाए।"
सीएम योगी ने आगे कहा, "किसानों से जुड़ी हुई समस्या का समाधान कराया। वहां के लोकल नागरिकों की समस्या का समाधान कराया। और आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा या यीडा में जहां पे जब प्रदेश का मुख्यमंत्री ही नहीं जाएगा तो किसी निवेशक से क्या उम्मीद करते हैं आप? आज मुझे बताते हुए प्रसन्नता है आज भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट भी बन रहा है। फंक्शनल हो चुका है। आज वहां पे सेमीकंडक्टर की यूनिट भी लग रही है। आज वहां फिल्म सिटी भी बन रही है। आज वहां पे मेडिकल डिवाइस पार्क भी बन रहा है। आज वहां पे डेटा सेंटर का एक हब भी बन चुका है। और हर बड़ी इंडस्ट्री यूपी के अंदर आ रही है। कोई सोचता है यूपी मैन्युफैक्चरिंग पावर बनेगा? आज भारत की मोबाइल बनाने वाली सर्वाधिक कंपनियाँ हमारे पास हैं। भारत के अंदर कुल मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का जितना भी मैन्युफैक्चरिंग होती है, उनमें पचपन फीसदी यूपी के अंदर हम बनाते हैं। ये कंपोनेंट भारत के अंदर यूपी की क्रांति किया।"