अक्सर जेंट्स काम, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियों में इतने बिजी रहते हैं कि अपनी सेहत पर ध्यान ही नहीं दे पाते। देर रात तक जागना, दिनभर तनाव में रहना, स्मोकिंग करना या रोज शराब पीना धीरे-धीरे उनकी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन जाता है। शुरुआत में भले ही इन आदतों का असर नजर न आए, लेकिन लंबे समय तक ऐसा रूटीन सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। इतना ही नहीं, कुछ आदतें कैंसर के खतरे से भी जुड़ी हैं। ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. विनीत तलवार के अनुसार, पुरुषों को अपनी रोजमर्रा की कुछ आदतों पर ध्यान देने की जरूरत है।
1. स्मोकिंग और तंबाकू
कई लोगों को लगता है कि कभी-कभार सिगरेट पीने से कोई खास नुकसान नहीं होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। सिगरेट हो या तंबाकू, दोनों ही सेहत के लिए खतरनाक हैं। तंबाकू से फेफड़ों, मुंह, गले, ब्लैडर और पैंक्रियाज के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
अगर लंबे समय से खांसी बनी हुई है, आवाज बदल रही है, मुंह में घाव ठीक नहीं हो रहे या खाना निगलने में परेशानी हो रही है, तो इसे इग्नोर न करें।
2. रोज शराब पीने की आदत
ज्यादा और लगातार शराब पीने से लिवर, मुंह, खाने की नली और आंतों के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। अगर कोई व्यक्ति स्मोकिंग भी करता है और शराब भी पीता है, तो कुछ तरह के कैंसर का खतरा और बढ़ सकता है।
लगातार थकान रहना, पेट में परेशानी, पाचन बिगड़ना या बार-बार एसिडिटी होना जैसी दिक्कतों को हमेशा सामान्य समझकर टालना सही नहीं है। अगर ये परेशानी लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लें।
3. पेट की चर्बी बढ़ने देना
आजकल कम उम्र में ही कई पुरुषों का पेट बाहर निकलने लगा है। लंबे समय तक बैठकर काम करना, एक्सरसाइज न करना और खाने-पीने की गलत आदतें इसकी बड़ी वजह हो सकती हैं। पेट के अंदर जमा चर्बी को विसरल फैट कहते हैं। इसकी ज्यादा मात्रा डायबिटीज और दिल की बीमारियों के साथ कुछ तरह के कैंसर के बढ़े हुए खतरे से भी जुड़ी है। इनमें कोलन, लिवर और पैंक्रियाज का कैंसर शामिल है। इसलिए सिर्फ वजन नहीं, बल्कि कमर के बढ़ते साइज पर भी ध्यान दें।
4. हेल्थ चेकअप टालते रहना
कई पुरुष तब तक डॉक्टर के पास नहीं जाते, जब तक परेशानी काफी बढ़ न जाए। किसी को लगता है कि प्रॉब्लम अपने आप ठीक हो जाएगी, तो कोई समय की कमी के चलते चेकअप टालता रहता है। लेकिन शरीर में होने वाले बदलावों को इग्नोर करना सही नहीं है। उम्र, परिवार में कैंसर की हिस्ट्री और अपनी हेल्थ के हिसाब से जरूरी स्क्रीनिंग और रेगुलर चेकअप कराना चाहिए।
5. हर समय तनाव में रहना और नींद पूरी न करना
काम का प्रेशर, परिवार की जिम्मेदारियां और पैसों की चिंता के चलते कई पुरुष लगातार तनाव में रहते हैं। लगातार तनाव और नींद की कमी से शरीर और दिमाग दोनों पर असर पड़ता है। इससे थकान, चिड़चिड़ापन और कमजोरी जैसी परेशानियां हो सकती हैं। हालांकि, तनाव या नींद की कमी को सीधे कैंसर की वजह नहीं माना जा सकता, अच्छी नींद लेना और स्ट्रेस को मैनेज करना ओवरऑल हेल्थ के लिए जरूरी है।