Wednesday, November 25, 2026
BREAKING
• जुड़वां बच्चों के जन्म के दो साल बाद टीवी पर लौटीं श्रद्धा आर्या, गौरव खन्ना संग जमी जोड़ी! • Ramayana में मुझे साई पल्लवी सीता के रोल में सही नहीं लगीं और रणबीर…, तनिषा मुखर्जी ने दिया रामायण का रिव्यू • दीपिका पादुकोण के 8 घंटे शिफ्ट डिमांड पर करण जौहर का आया रिएक्शन, बोले- फीमेल सुपरस्टार्स को... • 'एनकाउंटर कर दिए हैं, फ्यूचर के लिए कुछ नहीं छोड़ा', कानून व्यवस्था पर CM योगी की दो टूक • अखिलेश यादव के 26 सीटों वाले फॉर्मूले से भड़की कांग्रेस, अमेठी-रायबरेली पर कैसे मानेगी बात? • ‘बम वाली जैकेट पहनकर आर्मी का चेकपोस्ट उड़ा दूंगा’, कश्मीर को पुलवामा की तरह दहलाने की थी साजिश • 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत की नापाक जासूसी कर रहा था दूसरा पड़ोसी! गुजरात के ऊपर तैनात कर रखी थीं 3 सैटेलाइट्स; दावा • 'हथकड़ी लगाकर ही लाएंगे', शेख हसीना पर बांग्लादेश का यू-टर्न; भारत के सामने रखी शर्त • कॉफी जार में पत्थर जैसी जम गई तो 2 हैक से निकालें और जान लें कौन सी गलती ना करें • सिगरेट, शराब और बढ़ता पेट! पुरुषों की ये 5 आदतें बढ़ाती हैं कैंसर का खतरा

दुनिया

'हथकड़ी लगाकर ही लाएंगे', शेख हसीना पर बांग्लादेश का यू-टर्न; भारत के सामने रखी शर्त

25 नवंबर, 2026 11:33 AM

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी के ऐलान ने देश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है। हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की बात कही है। इतना ही नहीं, उन्होंने वापसी के लिए यात्रा दस्तावेज और बांग्लादेश के राष्ट्रीय विमानन सेवा प्रदाता बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से सफर की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया है। हालांकि, उनके इस ऐलान के बाद बांग्लादेश सरकार ने अपना रुख साफ करते हुए कहा है कि हसीना की वापसी केवल प्रत्यर्पण के जरिए ही हो सकती है। यानी वह अपनी मर्जी से देश लौट सकती हैं, इस संभावना को सरकार ने खारिज कर दिया है।

दिलचस्प बात यह है कि जिस बांग्लादेश ने पहले भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग की थी, अब वही उनकी वापसी के लिए प्रत्यर्पण की शर्त रख रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक संबंधों को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

सत्ता से बेदखल होने के बाद कैसे भारत पहुंची थीं शेख हसीना?
5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में हालात तेजी से बिगड़ गए थे। प्रदर्शनकारियों की भीड़ शेख हसीना के आधिकारिक आवास की ओर बढ़ रही थी। इसी बीच बांग्लादेश के सेना प्रमुख के निर्देश पर उन्हें हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला गया। इसके बाद बांग्लादेश वायुसेना का C-130J विमान उन्हें लेकर नई दिल्ली के पास हिंडन एयरबेस पहुंचा।

उसी दिन बाद में सेना प्रमुख जनरल वकर-उज-जमान ने सरकारी टेलीविजन पर देश को संबोधित करते हुए बताया था कि 76 वर्षीय शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और देश में अंतरिम सरकार बनाई जाएगी।

अब हसीना की वापसी की घोषणा के बाद बांग्लादेश का कहना है कि उन्हें वापस लाने का रास्ता प्रत्यर्पण ही होगा। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रत्यर्पण का अनुरोध मौजूदा कानूनी प्रक्रियाओं के तहत देखा जा रहा है। हालांकि, इस पर कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई है।

बांग्लादेश सरकार ने क्यों रखी प्रत्यर्पण की शर्त?
शेख हसीना के बयान के तुरंत बाद बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने सरकार का रुख स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि हसीना को बांग्लादेश केवल प्रत्यर्पण के माध्यम से ही लाया जा सकता है।

कबीर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एक आतंकवादी को प्रत्यर्पण के अलावा किसी दूसरे तरीके से वापस आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने हसीना के बांग्लादेश लौटने के ऐलान को लेकर तंज कसते हुए कहा कि वह सामान्य व्यावसायिक विमान से लौटने वाली कोई आम यात्री नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हसीना को हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।

दरअसल, बांग्लादेश सरकार नहीं चाहती कि हसीना की वापसी से देश में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो। सरकार की कोशिश है कि भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि का इस्तेमाल करके उनकी वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाए।

हालांकि, इस मामले में कानूनी पेच भी हैं। 2024 में हसीना के बांग्लादेश छोड़ने की परिस्थितियों के अलावा उनकी गैरमौजूदगी में हुए मुकदमे की निष्पक्षता और वैधता पर भी सवाल उठे हैं। खबर के मुताबिक, मुकदमे के दौरान उन्हें उचित कानूनी प्रतिनिधित्व नहीं मिला था। ऐसे में प्रत्यर्पण का प्रस्ताव कानूनी रूप से आसान नहीं माना जा रहा।

भारत ने हसीना को शरण देने पर क्या कहा?
शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में भी अहम हो गया है। बांग्लादेश इस मामले को दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों से जोड़ रहा है, जबकि भारत का कहना है कि दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ना चाहिए और हसीना से जुड़े मामले का फैसला कानूनी आधार पर होना चाहिए।

बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा है कि उस समय भारत के पास ज्यादा विकल्प नहीं थे, क्योंकि शेख हसीना तब भी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री थीं। पड़ोसी देश होने के नाते भारत की जिम्मेदारी थी कि वह तत्कालीन प्रधानमंत्री को शरण दे।

रिपोर्ट के मुताबिक, हसीना के इस्तीफे की घोषणा को लेकर भी सवाल उठे थे। बांग्लादेश के तत्कालीन राष्ट्रपति ने भी इस पर आपत्ति जताई थी। सेना प्रमुख ने इस्तीफे की जानकारी उस समय दी थी, जब हसीना का विमान पहले ही भारतीय हवाई क्षेत्र में पहुंच चुका था और उन्हें भारत आने की अनुमति देने का फैसला हो चुका था।

वहीं, बांग्लादेश के सांस्कृतिक मामलों के राज्य मंत्री के दर्जे वाले प्रधानमंत्री के सलाहकार जाहेद उर रहमान ने कहा कि हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश भारत से बात करेगा, न कि खुद हसीना से। उन्होंने दावा किया कि हसीना को दोषी ठहराया जा चुका है और उन्हें सजा सुनाई जा चुकी है। उनके मुताबिक, अब यह सवाल नहीं है कि हसीना विमान से लौटेंगी या पैदल, बल्कि यह भारत के साथ बातचीत का विषय है। उन्होंने हसीना के वापसी संबंधी ऐलान को उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए किया गया राजनीतिक दिखावा भी बताया।

16 दिसंबर को ही बांग्लादेश लौटने का ऐलान क्यों?
शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है। यह तारीख भारत और बांग्लादेश दोनों के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। भारत में 16 दिसंबर को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 1971 में इसी दिन ढाका में पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सशस्त्र बलों और मुक्ति वाहिनी की संयुक्त कार्रवाई के बाद आत्मसमर्पण किया था।

इस ऐतिहासिक घटना के साथ ही बांग्लादेश के एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उदय का रास्ता साफ हुआ था। ढाका में पाकिस्तानी सेना के करीब 93 हजार सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। इस दौरान भारतीय सेना की ओर से लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा और पाकिस्तान की ओर से लेफ्टिनेंट जनरल एएके नियाजी ने आत्मसमर्पण के दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए थे।

अवामी लीग की वापसी से क्यों बढ़ सकती है राजनीतिक मुश्किल?
शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़ने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया था। पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। इसके बाद अवामी लीग के कई नेता देश छोड़कर चले गए, जबकि बड़ी संख्या में नेताओं को जेल में डाल दिया गया।

पार्टी के आम कार्यकर्ता भी राजनीतिक गतिविधियों से दूर हो गए। इसके बाद हुए चुनाव में अवामी लीग की गैरमौजूदगी रही। फरवरी में हुए चुनाव में अवामी लीग के कई मतदाताओं ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को वोट दिया, जिससे उसे बड़ी जीत मिली।

लेकिन शेख हसीना की वापसी की स्थिति में अवामी लीग को पूरी तरह राजनीतिक प्रक्रिया से बाहर रखना मुश्किल हो सकता है। दूसरी ओर, अवामी लीग के विरोधी राजनीतिक दल नहीं चाहते कि पार्टी दोबारा बांग्लादेश की राजनीति में अपनी जगह बनाए। इसकी एक वजह पार्टी के शासनकाल में राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई भी है।

हसीना के विरोधियों की भारत को लेकर क्या रणनीति है?
बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने सोमवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। एनसीपी भी तारिक रहमान सरकार की आलोचना करती रही है।

बांग्लादेश के कई इलाकों, खासकर शेख हसीना के पैतृक क्षेत्र गोपालगंज में हिंसा की घटनाओं और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं में बढ़ती सक्रियता के बीच राजनीतिक विरोधियों की यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।

नाहिद इस्लाम ने मुलाकात के बाद भारत पर बांग्लादेश के आंतरिक मामलों में दखल देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष अब केवल अवामी लीग बनाम बीएनपी या एनसीपी तक सीमित नहीं है, बल्कि भू-राजनीतिक स्तर पर पहुंच चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत और अवामी लीग से जुड़े लोग बांग्लादेश के भीतर मौजूद अपने सहयोगियों के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस तरह शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी ने बांग्लादेश की घरेलू राजनीति, अवामी लीग के भविष्य और भारत-बांग्लादेश के रिश्तों को एक साथ प्रभावित करना शुरू कर दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 16 दिसंबर को हसीना की वापसी का ऐलान किस दिशा में आगे बढ़ता है और भारत के साथ प्रत्यर्पण का मुद्दा किस नतीजे पर पहुंचता है।

 

Have something to say? Post your comment

और दुनिया खबरें

रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट पर हूती हमला, भारत ने की कड़ी निंदा; दो भारतीय घायल

रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट पर हूती हमला, भारत ने की कड़ी निंदा; दो भारतीय घायल

अमेरिका में प्रवासी परिवारों के आवास संबंधी नियम पर भड़के राज्य, ट्रंप सरकार पर केस

अमेरिका में प्रवासी परिवारों के आवास संबंधी नियम पर भड़के राज्य, ट्रंप सरकार पर केस

कोलंबिया के मशहूर पर्यटन शहर में दहशत, हथियारबंद बदमाशों ने लोगों को बनाया बंधक

कोलंबिया के मशहूर पर्यटन शहर में दहशत, हथियारबंद बदमाशों ने लोगों को बनाया बंधक

ईयर एंडर 2026: वैश्विक प्रभाव से कूटनीति तक, पीएम मोदी की लोकप्रियता रही बरकरार

ईयर एंडर 2026: वैश्विक प्रभाव से कूटनीति तक, पीएम मोदी की लोकप्रियता रही बरकरार

नेपाल: 5.3 तीव्रता का भूकंप, भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए झटके

नेपाल: 5.3 तीव्रता का भूकंप, भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए झटके

ट्रंप चाहते हैं एनवीडिया जेन्सन हुआंग को करे 'री-हायर', बोले-ये अच्छा होगा

ट्रंप चाहते हैं एनवीडिया जेन्सन हुआंग को करे 'री-हायर', बोले-ये अच्छा होगा

पाकिस्तान की सेना को अमेरिकी फंडिंग क्यों? नवनिर्वाचित सीनेटर अल सैयद ने उठाए सवाल

पाकिस्तान की सेना को अमेरिकी फंडिंग क्यों? नवनिर्वाचित सीनेटर अल सैयद ने उठाए सवाल

क्षेत्रीय दबदबा कायम करना हमारा लक्ष्य नहीं, आत्मरक्षा के लिए बढ़ा रहे सैन्य ताकत : किम जोंग उन

क्षेत्रीय दबदबा कायम करना हमारा लक्ष्य नहीं, आत्मरक्षा के लिए बढ़ा रहे सैन्य ताकत : किम जोंग उन

भारत-नीदरलैंड के बीच कई साझा हित, सुरक्षा, तकनीक और वैश्विक चुनौतियों पर होगी चर्चा : टॉम बेरेंडसन

भारत-नीदरलैंड के बीच कई साझा हित, सुरक्षा, तकनीक और वैश्विक चुनौतियों पर होगी चर्चा : टॉम बेरेंडसन

सिएटल एयरपोर्ट पर आईसीई की कार्रवाई से अफरा-तफरी, हिरासत में लिए दो यात्री

सिएटल एयरपोर्ट पर आईसीई की कार्रवाई से अफरा-तफरी, हिरासत में लिए दो यात्री