चंडीगढ़/अमृतसर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए शुरू की गई मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए, स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों के दौरान छह व्यक्तियों को 2.9 किलोग्राम हेरोइन और आठ आधुनिक पिस्तौलों के साथ-साथ छह जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर हथियार और नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान इंदरपाल सिंह और सिकंदरजीत सिंह, दोनों निवासी गांव भिंडी औलख, अमृतसर; हैप्पी सिंह उर्फ वीरपाल सिंह, निवासी कक्कड़, अमृतसर; सुनील मसीह और राजन मसीह, दोनों निवासी माहल, गुरदासपुर तथा प्रदीप सिंह, निवासी नूरपुर, अमृतसर के रूप में हुई है।
नशीले पदार्थों और हथियारों की बरामदगी के अलावा, पुलिस टीमों ने उनकी हुंडई वेन्यू कार (पीबी02एफसी 2504) और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (पीबी06बीएच3781), जिनका इस्तेमाल तस्करी संबंधी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, को भी जब्त कर लिया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी सरहद पार से चल रही तस्करी में शामिल थे और वे ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली हथियारों तथा नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करते थे और उन्हें राज्य में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। उन्होंने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है, ताकि सरहद पार के नेटवर्क से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
पहले ऑपरेशन के बारे में जानकारी साझा करते हुए एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि सीआई अमृतसर की टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि संदिग्ध सुनील और राजन ने अवैध पिस्तौलों की बड़ी खेप प्राप्त की है और वे संभावित रूप से यह खेप अमृतसर के गांव नूरपुर के क्षेत्र में अपने साथी प्रदीप सिंह को पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि इस सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने तीनों को सात पिस्तौलों सहित काबू कर लिया।
दूसरे ऑपरेशन के बारे में एआईजी ने बताया कि एसएसओसी अमृतसर की टीमों ने इंदरपाल, सिकंदरजीत और हैप्पी सिंह को 2.9 किलोग्राम हेरोइन तथा एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया।
एआईजी सुखमिंदर मान ने बताया कि इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला एफआईआर नंबर 53, दिनांक 27-08-2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 25 (8) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 61(2) और 111 के तहत दर्ज किया गया है। जबकि दूसरा मामला एफआईआर नंबर 52, दिनांक 27.08.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29, आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा भारतीय वायुयान अधिनियम की धाराओं 25, 26, 27, 28 और 29 के तहत थाना एसएसओसी अमृतसर में दर्ज किया गया है।