चंडीगढ़ : जननायक जनता पार्टी के नौवें स्थापना दिवस पर छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय जन-जन अधिकार रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में जेजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. के सी बांगड़, प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला, राहुल गौड़, मुकेश सेठी, सतीश बेनीवाल, धर्मपाल और सूरज बेनीवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने रैली स्थल पहुंचकर रैली की तैयारियों और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान नेताओं ने रैली स्थल पर टेंट व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, सामान्य पार्किंग, वीआईपी पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रत्येक व्यवस्था के लिए अलग-अलग कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि रैली में पहुंचने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉ. के सी बांगड़ ने कहा कि जन-जन अधिकार रैली को लेकर पार्टी द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। रैली में आने वाले लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि पूरे कॉलेज ग्राउंड को वाटर प्रूफ टेंट से कवर किया जाएगा, ताकि मौसम की किसी भी परिस्थिति में रैली में शामिल होने वाले लोगों को परेशानी न हो। व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए हजारों वालंटियर तैनात किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि प्रदेश भर से आने वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं का जिला महेंद्रगढ़ की जनता अद्भभुत स्वागत करेगी क्योंकि यहां की जनता अतिथि देवो भव की नीति अपनाती है।
जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि रैली की व्यवस्थाओं को संभालने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इनसो की टीम को सौंपी गई है। इनसो के हजारों युवा वालंटियर अनुशासन, पार्किंग, यातायात और लोगों की सहायता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत से जुटा हुआ है। इस अवसर पर जेजेपी जिला प्रधान राजकुमार खातोद, इनसो प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक, प्रदेश कार्यालय सचिव रविंद्र सांगवान, गुरदीप सांगवान, आकाश चावला आदि मौजूद रहे।