चंडीगढ़ : हरियाणा में पीने के पानी की बर्बादी रोकने और जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए भाजपा सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। प्रदेश सरकार इसके लिए कानून लाने पर विचार कर रही है। इस कानून के लागू होने के बाद पानी का दुरुपयोग करने और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी। प्रदेश के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पानी का सही तरीके से इस्तेमाल सुनिश्चित करना और इसकी बर्बादी पर रोक लगाना है। इसके लिए कानूनी प्रावधान तैयार किए जा रहे हैं, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो सके।
बिसलेरी के पानी में संभावित कैंसरकारी तत्वों के मामले पर भी नजर
बिसलेरी कंपनी के पानी में कैंसर के संभावित तत्व मिलने से जुड़े कथित मामले पर भी मंत्री रणबीर गंगवा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि विभाग इस मामले पर नजर रख रहा है। यदि आवश्यकता महसूस हुई तो सरकार की ओर से उचित कदम उठाए जाएंगे।
कांग्रेस पर मंत्री रणबीर गंगवा का निशाना
मंत्री रणबीर गंगवा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 26 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस को मुद्दाविहीन पार्टी बताते हुए कहा कि उसके पास जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं और लोग उसे नकार चुके हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं ने अपनी सत्ता और कुर्सी बचाने के लिए देश में आपातकाल लगाया था। अब वही नेता सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणियां कर रहे हैं, जो सही नहीं है।
सरकार के प्रस्तावित कानून का उद्देश्य प्रदेश में पीने के पानी की बर्बादी रोकना और उसके इस्तेमाल को लेकर जवाबदेही तय करना है। हालांकि, कानून के प्रावधान और कार्रवाई का स्वरूप अभी सामने आना बाकी है।