लालड़ू : श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री तीर्थ स्थल यात्रा योजना’ के तहत आज लालड़ू क्षेत्र से तीन बसें तीर्थ स्थलों के लिए रवाना की गईं। हलका विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा जी ने गांव बटौली से 139वीं, गांव कुरली से 140वीं और गांव झरमड़ी से 141वीं बस को श्रद्धालुओं सहित रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा धार्मिक आस्था से जुड़ी संगतों के लिए यह योजना एक सुविधाजनक यात्रा सेवा के रूप में चलाई जा रही है, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करने की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों के दर्शन करना श्रद्धालुओं की लंबे समय से आस्था और इच्छा से जुड़ा हुआ है। ‘मुख्यमंत्री तीर्थ स्थल यात्रा’ के माध्यम से सरकार द्वारा इस आस्था को सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने तीर्थ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सर्वत्र भले और पंजाब की चढ़दी कला के लिए अरदास की।
विधायक रंधावा ने कहा कि हलके के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए बसों की यह सुविधा लगातार उपलब्ध करवाई जा रही है। आज लालड़ू क्षेत्र से रवाना की गई तीन बसों सहित तीर्थ यात्रा के लिए रवाना की गई बसों की संख्या 141 तक पहुंच गई है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। संगतों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।