हरियाणा सरकार और विधान सभा अधिकारियों के साथ की बैठक चंडीगढ़। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शुक्रवार को हरियाणा सरकार व विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनप्रतिनिधि सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। यह सम्मेलन 2 नवंबर से पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में होगा। इसके उद्घाटन सत्र में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा समापन सत्र में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश के सभी वर्तमान और पूर्व विधायक शामिल होंगे। विधान सभा सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में इंद्रधनुष ऑडिटोरिम में किए जाने वाले प्रबंधों, अतिथियों व प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रबंधों, पंजीकरण, स्वागत, यातायात, तथा प्रचार-प्रसार आदि व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि यह सम्मेलन संवैधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हरियाणा विधान सभा की ओर से 2 नवंबर से संविधान पखवाड़े का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत संविधान, संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक परंपराओं से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम लोक सभा के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे। जनप्रतिनिधि सम्मेलन इसी आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बैठक में आईएएस मुकुल कुमार, हरियाणा सरकार की ओर से नोडल अधिकारी योगेश कुमार, विधान सभा सचिव डॉ. वीरेंद्र दहिया, विस अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।