साहिबजादा अजीत सिंह नगर : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा करवाई जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निपटारे की प्रगति की समीक्षा करने के लिए रोल ऑब्जर्वर मोहम्मद तैयब, आई.ए.एस. ने आज साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले का दौरा कर प्रक्रिया की सुपर चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने डेराबस्सी का दौरा कर फॉर्मों के निपटारे की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।
रोल ऑब्जर्वर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा दाखिल किए गए दावों एवं आपत्तियों का निर्णय करते समय पूरी सावधानी, निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दावे एवं आपत्ति की निर्धारित नियमों के अनुसार बारीकी से जांच की जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को किसी प्रकार की अन्याय की भावना न हो।
इस अवसर पर रोल ऑब्जर्वर ने निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (EROs) द्वारा निपटाए गए 251 दावों एवं आपत्तियों की सुपर चेकिंग की। उन्होंने संबंधित विवरणों की बारीकी से जांच करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया के दौरान तथ्यों की शुद्धता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।
डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने उनको बताया कि जिले में दावों एवं आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जारी है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 12 अक्तूबर, 2026 को निर्धारित है।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) गीतिका सिंह और तहसीलदार चुनाव हरप्रीत कौर भी उपस्थित थीं।