खरड़ (मोहाली) (प्रीत पट्टी) : रिटेल किरयाना मर्चेंट्स एसोसिएशन (रजि.), खरड़ ने पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन (वेरका) के प्रबंध निदेशक को एक पत्र भेजकर खरड़ क्षेत्र में वेरका के कुछ फील्ड प्रतिनिधियों द्वारा कथित रूप से अपनाई जा रही भेदभावपूर्ण एवं दबावपूर्ण कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
एसोसिएशन को प्राप्त शिकायतों के अनुसार, यदि कोई दुकानदार ग्राहकों की मांग के अनुरूप वेरका के साथ-साथ अमूल अथवा अन्य कंपनियों के दूध एवं डेयरी उत्पाद भी बेचता है, तो कुछ फील्ड प्रतिनिधि ऐसे दुकानदारों को वेरका उत्पादों की नियमित आपूर्ति में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न करते हैं या आपूर्ति रोकने की चेतावनी देते हैं।
एसोसिएशन ने कहा कि प्रत्येक रिटेल व्यापारी को ग्राहकों की मांग और अपनी व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न कंपनियों के उत्पाद बेचने का पूर्ण अधिकार है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, निष्पक्ष व्यापार और उपभोक्ता हित किसी भी सफल व्यापार व्यवस्था की आधारशिला हैं।
एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि वेरका पंजाब की शान है तथा खरड़ के व्यापारियों ने हमेशा वेरका को अपना ब्रांड मानते हुए उसका भरपूर सहयोग किया है। भविष्य में भी व्यापारी वेरका के उत्पादों को प्राथमिकता देते रहेंगे। साथ ही, उपभोक्ताओं की पसंद और बाजार की आवश्यकता को देखते हुए अन्य कंपनियों के उत्पाद रखना भी प्रत्येक व्यापारी की व्यावसायिक आवश्यकता है।
एसोसिएशन ने वेरका प्रबंधन से आग्रह किया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित फील्ड स्टाफ को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि किसी भी व्यापारी के साथ भेदभावपूर्ण या दबावपूर्ण व्यवहार न किया जाए तथा जो व्यापारी वेरका के उत्पाद खरीदना चाहते हैं, उन्हें बिना किसी भेदभाव के नियमित एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि वेरका प्रबंधन इस विषय पर सकारात्मक एवं त्वरित कार्रवाई करेगा, जिससे वेरका और व्यापारी समुदाय के बीच वर्षों से चले आ रहे विश्वास, सहयोग और सौहार्दपूर्ण संबंध और अधिक मजबूत होंगे।