हिमाचल प्रदेश घूमने का प्लान बना रहे पंजाब के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मनाली जाने वाले पर्यटकों का सफर अब पहले के मुकाबले आसान और तेज होने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश की दो प्रमुख सुरंगें आज यानी 11 सितंबर से यातायात के लिए खोल दी गई हैं। इससे पंजाब समेत चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली से कुल्लू-मनाली जाने वाले यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। पंडोह-टकोली खंड के एनएच-03 पर देवड़ और हनोगी सुरंग यातायात के लिए खोल दी गई हैं। इन सुरंगों के शुरू होने से कुल्लू-मनाली और आगे लेह-लद्दाख की ओर जाने वाला यातायात अधिक सुगम होने की उम्मीद है। खासकर मनाली जाने वाले पर्यटकों को ट्रैफिक जाम और लैंडस्लाइड प्रभावित सड़क मार्ग से राहत मिल सकती है।
मंडी से कुल्लू का सफर 2 घंटे से घटकर करीब 60 मिनट
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मंडी कार्यालय ने इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को पत्र जारी कर आवश्यक यातायात प्रबंधन और प्रशासनिक सहयोग मांगा है। सड़क संपर्क बेहतर रहने और यातायात सामान्य रहने की स्थिति में मंडी से कुल्लू की यात्रा का समय करीब 2 घंटे से घटकर लगभग 60 मिनट हो सकता है।
2.8 किलोमीटर लंबी है देवड़ सुरंग
इनमें देवड़ सुरंग की लंबाई 2.8 किलोमीटर, जबकि हनोगी सुरंग 650 मीटर लंबी है। सुरंगों के संचालन के बाद प्रभावित सड़क क्षेत्र को करीब 6 किलोमीटर से घटाकर 3.5 किलोमीटर किया जा सकेगा। इससे इस मार्ग पर सफर करने वाले वाहनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसे हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में लोगों के लिए सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय सड़क संपर्क विकसित करने की दिशा में काम जारी है। पंजाब से हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली समेत अन्य पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं। ऐसे में इन सुरंगों के खुलने से खास तौर पर मनाली जाने वाले यात्रियों के सफर में राहत मिलने की उम्मीद है।