चंडीगढ़ : पंजाब और हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को 15 जुलाई से कुछ प्रमुख टोल प्लाजा पर अधिक टोल शुल्क देना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने आठ प्रमुख टोल प्लाजा पर टोल शुल्क (यूजर फीस) में संशोधन किया है। नई दरों के तहत अधिकांश स्थानों पर कार एवं हल्के मोटर वाहनों (एलएमवी) के लिए 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है जबकि बसों और ट्रकों के टोल शुल्क में भी संशोधन किया गया है। क्षेत्र के 50 से अधिक टोल प्लाजा पर नई दरें अधिसूचित की गई हैं लेकिन अधिकांश स्थानों पर बढ़ोतरी सीमित है। संगरूर से निकलते कलझाड़ टोल प्लाजा का भी रेट बढ़ा दिया गया है। एनएचएआई ने घुलाल टोल प्लाजा (चंडीगढ़-खरड़-लुधियाना, एनएच-5), कोट करोर टोल प्लाजा (अमृतसर-तरनतारन-हरिके-फरीदकोट-बठिंडा, एनएच-15), काला टिब्बा टोल प्लाजा (अबोहर-सिटो गुनो-डबवाली मार्ग), शेखपुरा टोल प्लाजा (मौर-रोमाना मंडी, एनएच-254), लहरा बेगा टोल प्लाजा (टापा-बठिंडा, एनएच-7), खुइयां सरवर टोल प्लाजा (मलोट-अबोहर बाईपास-साधूवाली, एनएच-7), कालाझार टोल प्लाजा (पटियाला बाईपास, एनएच-64) और पेइंद टोल प्लाजा (संगरूर-डोगल कलां, एनएच-52) पर टोल टैक्स बढ़ाया है।
नई दरों का सबसे अधिक असर चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, तरनतारन, फरीदकोट, बठिंडा, अबोहर, पटियाला, मौर और संगरूर के बीच राष्ट्रीय राजमार्गों पर रोजाना यात्रा करने वालों पर पड़ेगा। निजी वाहन चालकों के अलावा बस संचालकों और मालवाहक ट्रक संचालों की परिचालन लागत भी बढ़ेगी।
पंजाब में चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, तरनतारन, फरीदकोट, बठिंडा, अबोहर, मौड़ और संगरूर मार्गों से सफर करने वाले निजी कार व हल्के मोटर वाहनों पर पांच से दस रुपये तक अधिक टोल देना होगा।
चंडीगढ़-खरड़-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर घुलाल टोल प्लाजा पर कार व हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 115 रुपये तथा दोतरफा 170 रुपये लगेगा। बस का 390 व ट्रक के लिए 580 रुपये टोल शुल्क होगा।
अमृतसर-तरनतारन-हरिके-फरीदकोट-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर कोट करोर टोल प्लाजा पर कार व हल्के वाहनों का एक तरफ शुल्क 50 तथा दोतरफा 70 रुपये लगेगा। बस व ट्रक को 165 और 250 रुपये देने होंगे। काला टिब्बा टोल प्लाजा पर कार व हल्के वाहनों के लिए 50 व 80 रुपये टोल टैक्स रहेगा। शेखूपुरा टोल प्लाजा पर कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 55 तथा दोतरफा 85 रुपये कर दिया गया है। बस और ट्रक के लिए 185 और 280 रुपये देने होंगे।