फरीदाबाद : फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर इलाके में दिवाली की देर रात करीब 3 बजे पटाखे से निकले रॉकेट के कारण एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि झुग्गियों में रहने वाले परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखकर लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। कई परिवार अपना घरेलू सामान तक नहीं बचा सके।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई परिवारों का सामान जलकर राख हो गया।
दिवाली की देर रात करीब 3 बजे एक रॉकेट उड़कर झुग्गियों के ऊपर जा गिरा। इसके बाद एक झुग्गी में आग लग गई। झुग्गियां एक-दूसरे से सटी होने और आसपास ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।
सामान बचाने के लिए भागे लोग, इलाके में मची अफरा-तफरी
आग लगते ही झुग्गियों में रहने वाले परिवारों में चीख-पुकार मच गई। लोग बच्चों और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। कई लोगों ने घरों में रखा सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें सामान छोड़कर बाहर निकलना पड़ा। आग बुझने के बाद झुग्गियों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।
पल्ला, सेक्टर-91 और लक्कड़पुर समेत कई जगह लगी आग
दिवाली की रात मेवला महाराजपुर के अलावा पल्ला, सेक्टर-91, लक्कड़पुर और तिलपत, गाजीपुर, डबुआ चौक स्थित साइकिल स्टोर ,इंद्रप्रस्थ कॉलोनी सेक्टर 30-33 के एक मकान के प्रथम तल ,सेक्टर 46 की झुग्गियां सहित शहर के कई अन्य इलाकों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में किसी के जान गंवाने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।
10 से 12 दमकल गाड़ियां पहुंचीं, पांच घंटे में आग पर काबू
सेक्टर-31 फायर स्टेशन के कर्मचारी जोगेंद्र भड़ाना ने बताया कि मेवला महाराजपुर में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने और उसे आसपास की झुग्गियों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।