चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार अपने प्रमुख कार्यक्रम 'शिक्षा क्रांति' के तहत प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में डिजिटल बदलाव लाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी दिशा में इस वर्ष की शुरुआत में लगभग 396 करोड़ रुपये के निवेश से 40,003 डेस्कटॉप कंप्यूटर उपलब्ध करवाए गए। अब इस पहल के दूसरे चरण का विस्तार किया जा रहा है, जिसके तहत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए 16,180 और डेस्कटॉप कंप्यूटर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे कंप्यूटरों की कुल संख्या बढ़कर 56,183 हो जाएगी। दूसरे चरण के तहत कंप्यूटरों की आपूर्ति और स्थापना की प्रक्रिया 2 नवंबर से 1 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित की गई है। 'शिक्षा क्रांति' के तहत 2,004 और सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, जबकि इस वर्ष की शुरुआत में कंप्यूटर प्रयोगशालाओं की सुविधा प्राप्त करने वाले स्कूलों की संख्या 5,064 तक पहुंच चुकी है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "हर बच्चा, चाहे उसकी पृष्ठभूमि कोई भी हो, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उससे जुड़े अवसरों तक पहुंच का हकदार है। पंजाब शिक्षा क्रांति के माध्यम से हम सरकारी स्कूलों में महत्वपूर्ण बदलाव ला रहे हैं और कक्षाओं को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित कर रहे हैं। हमारा दृष्टिकोण बिल्कुल स्पष्ट है कि पंजाब के प्रत्येक बच्चे के पास बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन, आत्मविश्वास और समान अवसर होने चाहिए।"
इस दौरान शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, "पंजाब शिक्षा क्रांति न केवल हमारे स्कूलों के बुनियादी ढांचे को बदल रही है, बल्कि उनमें पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे के लिए नई संभावनाओं के द्वार भी खोल रही है। पहले चरण में इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल उपलब्ध करवाए गए हैं और अगले चरण में डेस्कटॉप कंप्यूटर उपलब्ध करवाकर हम प्रदेश भर के विद्यार्थियों और शिक्षकों को तकनीक के और करीब ला रहे हैं। हमारा लक्ष्य कक्षाओं को अधिक रोचक बनाना, शिक्षा को अधिक सार्थक बनाना और सरकारी स्कूलों को ऐसा नया स्वरूप देना है, जिस पर प्रत्येक पंजाबी को गर्व हो।"
इसी वर्ष 8,268 इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल उपलब्ध करवाकर कक्षाओं में डिजिटल शिक्षा सुनिश्चित की गई
कंप्यूटर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पहले चरण के तहत 3,694 सरकारी स्कूलों में 8,268 इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपीज़) उपलब्ध करवाए गए हैं। इससे प्रदेश भर की कक्षाओं में तकनीक आधारित शिक्षण उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। यह डिजिटल बुनियादी ढांचा शिक्षकों को दैनिक शिक्षण कार्य में मल्टीमीडिया संसाधनों, डिजिटल सामग्री और वास्तविक समय के प्रदर्शन को शामिल करने में मददगार साबित होगा। इससे कक्षाओं में पढ़ाई की प्रक्रिया अधिक प्रभावी, रोचक और ज्ञानवर्धक बनाई जा सकेगी।
पंजाब शिक्षा क्रांति ने समान पहुंच और भविष्य के अनुरूप शिक्षा पर जोर देते हुए सरकारी स्कूलों को डिजिटल शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ाने में निभाई
महत्वपूर्ण भूमिका
यह पहल 'पंजाब शिक्षा क्रांति' के तहत किए जा रहे व्यापक सुधारों का हिस्सा है। इन सुधारों में बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने, स्कूलों के ढांचे को उन्नत बनाने और शैक्षणिक परिणामों में सुधार लाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में डिजिटल शिक्षा तक समान पहुंच, उपकरणों की सुरक्षित स्थापना के निर्धारित मानकों, पारदर्शी निगरानी और जवाबदेही पर भी जोर दिया गया है, ताकि सार्वजनिक संसाधनों का उचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इस विस्तार के माध्यम से भगवंत मान सरकार सरकारी स्कूलों को तकनीक आधारित कक्षाओं में परिवर्तित कर रही है। इसके तहत विद्यार्थियों को डिजिटल कौशल से सुसज्जित करने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षण संसाधनों तक उनकी पहुंच बढ़ाई जा रही है। उच्च शिक्षा, रोजगार और तेजी से विकसित हो रही तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलने के लिए ये कौशल अत्यंत आवश्यक हैं।