डेराबस्सी (साहिबजादा अजीत सिंह नगर) : डेराबस्सी उप-मंडल में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन और खनन विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई को और तेज कर दिया गया है। 28 जुलाई से 30 सितंबर तक 11 संवेदनशील स्थानों पर की गई जांच के दौरान 23.7 लाख घन फुट लघु खनिजों की अवैध खुदाई का पता लगाया गया।
यह कार्रवाई टांगरी नदी के बेसिन, नदी तल, पंचायत एवं निजी भूमि तथा अवैध खनन के लिहाज से संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में की गई। इस दौरान 5 एफआईआर दर्ज की गईं, भारी मशीनरी को जब्त किया गया तथा अवैध रूप से खनिज सामग्री ले जाने वाले वाहनों के खिलाफ पंजाब माइनर मिनरल रूल्स, 2013 के नियम 74 और 75 के तहत कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये से अधिक की कंपाउंडिंग राशि वसूल की गई।
एक्सईएन गुरतेज सिंह गरचा और एसडीओ प्रदीप कुमार द्वारा तैयार की गई ताजा कार्रवाई रिपोर्ट के अनुसार, बहु-विभागीय टीमों ने उप-मंडल के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगातार निरीक्षण और निगरानी की।
जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान गांव जौला कलां, निंबुआं, बीर दंद्राला, बल्लोपुर-धर्मगढ़ रोड तथा टांगरी नदी के बेसिन से लगते सारंगपुर, बिजनपुर, मुकंदपुर, सुंद्रां, बडाना और बाऊदा बाऊदी सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया। इन निरीक्षणों के दौरान कई स्थानों पर अवैध खुदाई और खनन के मामले सामने आए, जिसके बाद नियमों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक निरीक्षणों के साथ पुलिस द्वारा भी लगातार कार्रवाई की गई। टांगरी नदी के तल और गांवों की शामलात भूमि सहित विभिन्न स्थानों पर अवैध खुदाई के मामलों में हंडेसरा और डेराबस्सी थानों में मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान पोकलेन और जेसीबी मशीनों सहित टिपर वाहनों को कब्जे में लिया गया तथा अवैध खुदाई में शामिल पाए गए व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
बिजनपुर और अंटाला में की गई छापेमारी के बाद डेराबस्सी और हंडेसरा पुलिस द्वारा अवैध खुदाई के संबंध में एफआईआर दर्ज की गईं। बिजनपुर में एक पोकलेन मशीन और टिपर को कब्जे में लिया गया, जबकि अंटाला में मौके पर अवैध खुदाई पाए जाने पर एक जेसीबी मशीन जब्त की गई।
प्रशासन द्वारा अवैध रूप से खनिज सामग्री की ढुलाई के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। इस दौरान अवैध रूप से खनन की गई सामग्री ले जा रहे 8 वाहनों को रोककर पंजाब माइनर मिनरल रूल्स, 2013 के नियम 74 और 75 के तहत चालान किया गया तथा लाखों रुपये की कंपाउंडिंग राशि वसूल की गई।
अधिकारियों ने बताया कि डेराबस्सी उप-मंडल के संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और संयुक्त निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध खुदाई पर रोक लगाने, लघु खनिजों की अनधिकृत ढुलाई को रोकने तथा नदी तल और सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।