साहिबजादा अजीत सिंह नगर : पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज साइक्लिंग ट्रैक प्रतियोगिताओं में सरकारी कॉलेज एस.ए.एस. नगर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिताओं के दौरान कॉलेज के विद्यार्थी जशनप्रीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल हासिल किए। इसी प्रकार पृथ्वीराज चौहान ने एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता। अनीकेत कुमार ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।
विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज की प्रिंसिपल श्रीमती जसप्रीत कौर बैंस ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रमुख प्रो. सिमरप्रीत कौर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। प्रोफेसर जगतार सिंह ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत एवं लगन के साथ खेलों में भाग लेकर कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा साइक्लिंग के क्षेत्र में हासिल की गई ये उपलब्धियाँ कॉलेज के लिए गर्व की बात हैं और अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगी।