लखनऊ। टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी यूपी वॉरियर्स शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु के खिलाफ मैच में जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग के इस सत्र से विदा लेना चाहेगी और इसके लिए मध्यक्रम के उसके बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यूपी की टीम ने कई मौके गंवाए और एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही। सात मैचों में महज चार अंक के साथ वह तालिका में सबसे नीचे है और तकनीकी दौर पर ही दौड़ में बनी हुई है। गत चैंपियन आरसीबी के लिए भी यह सत्र कठिन रहा और उसके छह मैचों में चार ही अंक है।
वह लगातार चार मैचों में पराजय झेल चुकी है। वैसे उनके पास अभी एक मैच और है जिससे प्लेआफ की उम्मीदें बनी हुई है। स्मृति मंधाना की टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। पिछले मैच में सुपर ओवर में मिली हार की यादें अभी भी ताजा है और उनका लक्ष्य बदला चुकता करने का भी होगा।