अर्की : भाजपा अर्की विधानसभा क्षेत्र की ओर से शालाघाट स्थित अर्जुन मैदान में पंचायती राज एवं नगर निकाय जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने समारोह की अध्यक्षता की। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप विशेषातिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस सरकार की चुनावी घोषणाओं और 10 गारंटियों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को चुनाव के समय बड़े-बड़े वायदे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वायदों को पूरा करने में सरकार नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता को उम्मीदें दिखाकर सत्ता हासिल की, मगर आज अनेक वर्ग अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने की गारंटी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को इस योजना का लाभ देने के नाम पर चुनाव के दौरान बड़े दावे किए गए थे, लेकिन महिलाओं तक इसका लाभ पहुंचाने में सरकार विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी गारंटियों को पूरा करने के बजाय बहानेबाजी कर रही है और जनता को जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालने का हरसम्भव प्रयास किया, किन्तु सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चुनाव करवाए गए जिसमें भरमौर से लेकर सिरमौर तक कांग्रेस का सफाया हो गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का समर्थन और कार्यकर्त्ताओं का उत्साह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि 2027 में कांग्रेस की विदाई तय है और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
कांग्रेस को अपने वायदे का जवाब देना ही होगा : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनाव में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार दिया है। वह बुधवार को अर्की में आयोजित भाजपा जनप्रतिनिधि सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले हर महिला को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन आज यह गारंटी पूरी तरह झूठी साबित हुई है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की माताओं और बहनों को झूठा वायदा करके ठगा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को 2 वर्ष का 72 हजार रुपए देना ही पड़ेगा। सरकार महिलाओं के अधिकारों से बच नहीं सकती और उसे अपने वायदे का जवाब देना ही होगा। इसके अलावा कांग्रेस ने प्रदेश के 5 लाख युवाओं को पक्की नौकरी देने की गारंटी दी थी। चुनावों के समय युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार अपनी ही गारंटियों को पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और लोग कांग्रेस की नीतियों से त्रस्त हैं।