हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राज्य में प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए गठित आयोग को सबसे पहले मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने आयोग के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए इसके कामकाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और कहा कि प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की प्रक्रिया के पहले कदम के रूप में एसओपी तैयार की जाये। सुक्खू ने आयोग को यह भी निर्देश दिया कि वह आम जनता और जिला प्रशासन से सुझाव ले, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि पुनर्गठन प्रक्रिया में स्थानीय जरूरतों और जमीनी वास्तविकताओं को ध्यान में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग से कहा कि वह आयोग के सुचारू कामकाज के लिए उसे आवश्यक सहयोग प्रदान करे। बैठक में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी, सदस्य विशाल पंवार और राजेश शर्मा, सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव हरबंस सिंह ब्रासकॉन और भूमि रिकॉडर् एवं चकबंदी निदेशक तोरुल एस. रवीश मौजूद थे।