जालंधर : डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने आज अर्बन एस्टेट फेज-2 में जालंधर के पहले एम्फीथिएटर का उद्घाटन किया, जो शहर के सांस्कृतिक क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। प्रसिद्ध इंटीरियर डिजाइनर रशिमा सिंह और आयुष तनेजा के नेतृत्व में ‘ओल्ड वाल्ज’ द्वारा नगर निगम जालंधर के सहयोग से इस स्थान को पुनर्जीवित करके इसका सौंदर्यीकरण करने के साथ-साथ इसकी देखभाल भी की जा रही है। इस प्रोजेक्ट के तहत कम उपयोग में आने वाले सार्वजनिक स्थान को सक्रिय और आकर्षक सांस्कृतिक केंद्र में बदल दिया गया है।
सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने पंजाब की समृद्ध कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने में ऐसी समर्पित सार्वजनिक जगहों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने इस ढांचे को नई दिखावट देने के लिए रशिमा सिंह और ‘ओल्ड वाल्ज’ की टीम के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे जीवंत स्थान सभी नागरिकों की साझा संपत्ति होते हैं और इनकी सफलता सामूहिक भागीदारी व साझा जिम्मेदारी से ही सुनिश्चित होती है।
स्थानीय कलाकारों, लेखकों, शैक्षणिक संस्थानों और सांस्कृतिक संगठनों के लिए एक गतिशील मंच के रूप में तैयार किया गया यह एम्फीथिएटर पूरे जालंधर में थिएटर, संगीत, कला और साहित्य को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है।
नए सिरे से तैयार किए गए इस स्थान ने ‘जालंधर लिट फेस्ट’ के पहले एडिशन के साथ अपनी सांस्कृतिक यात्रा की शुरुआत की। ‘बुकवर्म्स’ द्वारा ‘सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस’ के सहयोग से आयोजित इस उत्सव में ‘ओल्ड वाल्ज’ ने स्थान सहयोगी के रूप में भूमिका निभाई। इस आयोजन में पूरे भारत से नामचीन लेखक और साहित्यिक हस्तियाँ एकत्र हुई।विचार-विमर्श, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से इस कार्यक्रम का उद्देश्य हर आयु वर्ग में पढ़ने की रुचि और साहित्यिक संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा जालंधर को कला व साहित्य के एक सक्रिय और प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
एम्फीथिएटर और साहित्यिक मेले की सफल शुरुआत के साथ यह प्रयास इस बात का उदाहरण बनकर उभरा है कि कैसे सरकारी संस्थाएँ और निजी क्षेत्र की दूरदर्शी सोच रखने वाली हस्तियाँ आपसी सहयोग के माध्यम से शहरवासियों के लिए अर्थपूर्ण और लंबे समय तक कायम रहने वाले सांस्कृतिक स्थानों का सृजन कर सकती है।
इस अवसर पर साहित्य उत्सव की प्रबंधकीय टीम के सदस्यों रशिमा सिंह, रीमा सोढ़ी, अनंदिता चीमा, अंशू खरबंदा, अंजली दादा और प्रीतिका सिंह ने शहर के एम्फीथिएटर में पहला समागम करवाने के लिए जालंधर प्रशासन का दिल से धन्यवाद किया।