शिमला : एचआरटीसी के बेड़े में नई 350 डीजल बसें शामिल होंगी। इन बसों की खरीद के बाद निगम में बसों की कमी पूरी होगी। रूटों पर खराब हो रही डीजल बसों की परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा। निगम प्रबंधन ने 350 डीजल बस की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इन 350 डीजल बस खरीद में 100 मिनी-मिडी और 250 साधारण बसों की खरीद होगी। इन बसों की कीमत करीब 115 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए निगम ने नई बसों की खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। 100 मिनी-मिडी डीजल बसों की खरीद पर करीब 20 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
इसके लिए राज्य सरकार की ओर से निगम को स्पैशल असिस्टैंस टू स्टेटस फॉर कैपिटल इन्वैस्टमैंट (एसएएससीआई) योजना के तहत 10 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं, जबकि 10 करोड़ रुपए के ऋण को भी मंजूरी दी गई है। इसी तरह 250 साधारण डीजल बसों की खरीद पर करीब 95 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनके लिए राज्य सरकार ने निगम को 95 करोड़ रुपए के ऋण की मंजूरी दी है।
4 दिसम्बर को जमा होंगी निविदाएं
बसों की खरीद के लिए निगम की ओर से 31 मार्च को ई-निविदा जारी कर दी गई थी। अब दोनों श्रेणियों की बसों के लिए बोली जमा करवाने की अंतिम तिथि 4 दिसम्बर निर्धारित की गई है। इसके बाद निविदा प्रक्रिया के अगले चरण पूरे किए जाएंगे। 100 बसें बसें इनमें मिनी-मिडी होंगी। 250 डीजल बसों में 47 सीटर होंगी या फिर 37 सीटर इस पर भी अंतिम मोहर लगनी बाकी है। नई बसों के शामिल होने से एचआरटीसी के बेड़े को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विशेषकर ग्रामीण और कम यात्री संख्या वाले मार्गों पर मिनी-मिडी बसें उपयोगी साबित हो सकती हैं, जबकि साधारण बसों से नियमित रूटों पर परिवहन सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
14 सीटर मिनी-मिडी बसों में परिचालक की नहीं होगी तैनाती, चालक ही काटेगा टिकट
प्रस्तावित 100 मिनी-मिडी बसों का संचालन नई व्यवस्था के तहत किया जाएगा। खास बात यह है कि इन बसों में परिचालक की तैनाती नहीं होगी। 14 से 20 सीटर इन बसों में चालक ही यात्रियों को टिकट जारी करेगा। इससे परिवहन व्यवस्था में परिचालक के पद की आवश्यकता नहीं रहेगी और बसों का संचालन कम खर्च में किया जा सकेगा। चालक को ही ड्राइविंग के साथ टिकट जारी करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।