विशाखापत्तनम। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीमें नए कप्तान की अगवाई में आईपीएल 2025 में अपने अभियान की शुरुआत करने उतरेंगी। दिल्ली की कमान इस बार अक्षर पटेल संभालेंगे, जबकि लखनऊ की कप्तानी ऋषभ पंत करेंगे। पंत पहली बार दिल्ली कैपिटल्स के अलावा किसी अन्य टीम से खेलेंगे। उन्होंने पिछले सत्र में दिल्ली टीम की कमान संभाली थी, लेकिन उनके सामने अब लखनऊ का जिम्मा संभालने की चुनौती होगी। वहीं, केएल राहुल इस बार दिल्ली की जर्सी में नजर आएंगे।
राहुल इस बार विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर उतरेंगे, क्योंकि उनके पास कप्तानी का अतिरिक्त जिम्मा नहीं होगा। भारतीय टीम के दो धुरंधरों राहुल और पंत अब क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने होंगे। कागजों पर दिल्ली की टीम काफी मजबूत नजर आ रही है क्योंकि उसके पास विदेशी और भारतीय खिलाडिय़ों का अच्छा संयोजन है। लखनऊ को उम्मीद होगी कि उनके भारतीय खिलाड़ी विदेशी खिलाडिय़ों के साथ अच्छी तरह से सामंजस्य बिठाएंगे।