दुबई: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार (5 मार्च) को खिलाडिय़ों की ताजा रैंकिंग जारी की है। इसमें भारतीय टीम के स्टार लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने धमाल मचा दिया है। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में धांसू प्रदर्शन किया, जिसके बदौलत उन्हें बंपर फायदा हुआ। गेंदबाजों की रैंकिंग में वरुण ने 143 पायदान की छलांग लगाई और टॉप-100 में एंट्री कर ली। वरुण अब 97वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वरुण चक्रवर्ती ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अब तक दो मैच खेले, जिसमें सात विकेट लिए हैं। इन सात विकेटों में से पांच विकेट एक ही मैच में लिए हैं।
उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में ये पांच विकेट लिए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में दो विकेट हासिल किए थे। दूसरी ओर बल्लेबाजी रैंकिंग में शुभमन गिल टॉप पर काबिज हैं, जबकि विराट कोहली को एक पायदान का फायदा हुआ है और वह चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा को दो पायदान का नुकसान हुआ है। वह पांचवें नंबर पर खिसक गए हैं। ऑलराउंडर्स की लिस्ट में अक्षर को भी बंपर फायदा हुआ है। उन्होंने 17 पायदान की छलांग लगाई है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल अब 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं।