तपोवन (धर्मशाला) : शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोक-झोंक देने को मिली। सदन में कई मौके ऐसे भी आए जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आमने-सामने आ गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विपक्ष के स्थगन प्रस्ताव को जारी रखने की वकालत करते हुए कहा कि प्रश्नकाल को उसी स्थिति में शुरू किया जा सकता है, जब विपक्ष अपने प्रस्ताव को वापस ले। उन्होंने विपक्षी विधायकों को सदन में तथ्यों के साथ आरोप लगाने की नसीहत दी तथा चेतावनी दी कि यदि वह झूठ बोलते हैं, तो उनके ऊपर भी एक्शन होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष आरोप लगाने से पहले कम से कम कागज दस्तावेज तो सामने लाए या किसी मंत्री और अधिकारी का स्पष्ट नाम ले, सरकार इसकी जांच करवाएगी।
पेखूवाला प्रोजैक्ट की सीबीआई कर रही जांच : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भी यह भूल जाते हैं कि वह विपक्ष की तरफ से लगाए गए कई आरोपों का पहले तथ्यों के साथ जवाब दे चुके हैं, जिसमें पेखूवाला प्रोजैक्ट का विषय भी शामिल है। पेखूवाला प्रोजैक्ट की सीबीआई जांच कर रही है तथा भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी। स्क्रैप माफिया और ट्रांसफर माफिया जैसी बातें कहने से बात नहीं बनेगी, उसमें प्रमाण सामने रखने होंगे। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से भी आग्रह किया कि बिना तथ्यों के लगाए गए आरोपों को कार्यवाही के रिकॉर्ड का हिस्सा न बनाया जाए। सरकार पूर्व भाजपा सरकार के समय सामने आई अनियमितताओं को लेकर श्वेत पत्र भी ला रही है।
स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के लिए विपक्ष तैयार, लेकिन नियम एक जैसे होने चाहिए : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कहा कि स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के लिए विपक्ष तैयार है, लेकिन इसको लेकर नियम एक जैसे होने चाहिए। स्थगन प्रस्ताव पर जब मंगलवार को चर्चा शुरू हुई, उस समय मुख्यमंत्री नई दिल्ली पुस्तक की लॉन्चिंग में गए हुए थे। उनका बीच में हस्तक्षेप करना सही नहीं है। मुख्यमंत्री कार्रवाई की बात कहकर विपक्ष को डरा नहीं सकते। सरकार को विपक्ष की तरफ से लगाए गए आरोपों की जांच करके कार्रवाई करनी चाहिए। सत्ता पक्ष में इस समय हताशा और निराशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेखूवाला प्रोजैक्ट में भ्रष्टाचार हुआ है। प्राकृतिक आपदा में प्रोजैक्ट बहकर चला गया है और विमल नेगी जैसे अधिकारी की जिंदगी चली गई है। मुख्यमंत्री चाहे विपक्ष को डराए, लेकिन सरकार का हर गलत काम करने पर विरोध होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की तरफ से जो आरोप लगाए गए हैं, उसमें सच्चाई है और विपक्ष इस पर कायम है।
कर्ज लेने पर सीएम-नेता प्रतिपक्ष ने दिए अपने-अपने तर्क
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कर्ज लेने के मुद्दे पर अपने-अपने तर्क दिए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जयराम सरकार ने 22,000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। जब जयराम ठाकुर की सरकार सत्ता में आई थी, तब प्रदेश पर 47,800 करोड़ रुपए का कर्ज था। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद 1 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश पर 76,830 करोड़ रुपए कर्ज था। नेता प्रतिपक्ष ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का कार्यकाल समाप्त होने के समय प्रदेश सरकार पर 69,600 करोड़ रुपए कर्ज था। उनके पास कर्ज लेने की 6,000 करोड़ रुपए की सीमा बाकी थी, जिसका उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया। इस कर्ज को कांग्रेस सरकार ने लिया और उसको पूर्व भाजपा सरकार के खाते में डाला जा रहा है।
सदन को विश्वास में लेकर कार्यवाही का संचालन किया : कुलदीप
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सदन को विश्वास में लेकर ही उन्होंने कार्यवाही का संचालन किया है। उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि वह तथ्यों के आधार पर ही अपने आरोपों को लगाए। यदि सदस्य तथ्य सामने नहीं रख सकते, तो वह शपथ पत्र भी दे सकते हैं।