चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में संविधान बचाओ यात्रा निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिकों के अधिकारों की बुनियाद है। आज संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस जनता के बीच जाकर संविधान के महत्व और उसकी रक्षा का संदेश देगी। संयोग से इसी दिन हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया गया है।
अशोक अरोड़ा ने राव इंद्रजीत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार किसी एक वर्ग, एक क्षेत्र या एक जाति के सहयोग से नहीं बनती, बल्कि सरकार का गठन सभी वर्गों और क्षेत्रों के लोगों के सहयोग से होता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर समाज, हर क्षेत्र और हर वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सरकार की जिम्मेदारी भी सभी लोगों के हितों को ध्यान में रखकर काम करना है। किसी एक वर्ग या क्षेत्र को राजनीतिक रूप से अधिक महत्व देने की सोच उचित नहीं है।
भाजपा पहले अपने घर में अनुशासन कायम करे
भाजपा में गुटबाजी और नेताओं के बीच चल रही खींचतान पर निशाना साधते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिनके मकान शीशे के होते हैं, वे दूसरों पर पत्थर नहीं मारते। भाजपा को कांग्रेस पर टिप्पणी करने से पहले अपनी पार्टी के भीतर अनुशासन कायम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में अलग-अलग नेताओं के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान किसी से छिपी नहीं है। पार्टी को पहले अपने संगठन और नेताओं के बीच तालमेल सुधारने की जरूरत है।
युवाओं को रोजगार देने में सरकार विफल
हरियाणा में सरकारी भर्तियों को लेकर अशोक अरोड़ा ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से ग्रुप-सी और ग्रुप-डी में एक भी नियमित भर्ती नहीं हुई है। प्रदेश का युवा रोजगार की उम्मीद में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, लेकिन उसे पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने कहा कि कच्ची नौकरी और अस्थायी रोजगार के नाम पर युवाओं का शोषण किया जा रहा है। युवाओं को स्थायी रोजगार और सुरक्षित भविष्य चाहिए। सरकार को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाकर रिक्त पदों को भरना चाहिए।
धान घोटाले की जांच रिपोर्ट कहां है?
धान खरीद में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए अरोड़ा ने कहा कि बिना नंबर सीरीज वाले ट्रैक्टरों के माध्यम से गेट पास काटे जाने के आरोप सामने आए थे। इस मामले में जांच की बात कही गई, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर धान घोटाले की जांच कहां तक पहुंची और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? उन्होंने सरकार से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
गीता जयंती पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग
अशोक अरोड़ा ने गीता जयंती के आयोजन को लेकर भी यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम नागरिक पहुंचते हैं। इसलिए प्रशासन को पहले से यातायात प्रबंधन की ठोस योजना बनानी चाहिए, ताकि लोगों को जाम और आवाजाही की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 26 नवंबर को पंचकूला में संविधान बचाओ यात्रा के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देगी।