अमृतसर : यहां के श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गोल्ड स्मगलिंग की कोशिश को नाकाम कर दिया है। विदेश से आए एक यात्री के पास से लाखों रुपये का 24 कैरेट सोना बरामद किया गया है।
1 जुलाई 2026 की रात कस्टम अधिकारियों ने मेलबर्न से कुआलालंपुर होते हुए फ्लाइट MH-118 से अमृतसर पहुंचे एक पुरुष यात्री को संदेह के आधार पर रोका। यात्री की विस्तृत जांच की गई, जिसमें एक्स-रे स्कैनिंग और व्यक्तिगत तलाशी भी शामिल थी। जांच के दौरान यात्री के पास से 24 कैरेट सोने के दो कड़े और एक चेन बरामद हुए। बरामद सोने का कुल वजन 484 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 70 लाख 66 हजार 400 रुपये बताई गई है।
कस्टम विभाग ने पूरे सोने को जब्त कर लिया है। वहीं आरोपी यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग लगातार गोल्ड स्मगलिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। विदेश से आने वाले यात्रियों की निगरानी और जांच को और अधिक सख्ती से अंजाम दिया जा रहा है।