संगरूर; पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत गांव गग्गड़पुर में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उपदेशों तथा समाज को दिए गए उनके अमूल्य योगदान पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन करते हुए श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन संघर्ष, मानवता, समानता, भाईचारे तथा सामाजिक न्याय के संदेश को निकट से जाना।
गांव के सरपंच कुलविंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाते हुए उनके जीवन और शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए यह अनूठा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं तथा समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और समानता की भावना को और अधिक मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।