चंडीगढ़ : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एल्डेको एस्टेट पुलिस चौकी के प्रभारी, पुलिस स्टेशन सलेम टाबरी, लुधियाना में तैनात सहायक-सब इंस्पेक्टर (एएसआई) जिंदल लाल को 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी कर्मचारी को गांव भट्टियां बेट, जिला लुधियाना के निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता की पत्नी का अपने पड़ोसी के साथ झगड़ा हुआ था। इस संबंध में मेडिकल रिपोर्टों के आधार पर पुलिस चौकी एल्डेको एस्टेट, लुधियाना में मामला दर्ज किया गया था और आरोपी एएसआई जिंदल लाल इस मामले का जांच अधिकारी था। आरोपी अधिकारी शिकायतकर्ता से उसके पड़ोसी के साथ समझौता करवाने के लिए पहले ही 50,000 रुपये रिश्वत ले चुका था।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि आरोपी एएसआई ने 50,000 रुपये रिश्वत लेने के बावजूद शिकायतकर्ता की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी एएसआई ने दूसरे पक्ष के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज करवाने के लिए शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
अवैध रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो लुधियाना से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी पुलिस अधिकारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के थाना लुधियाना में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है।