बटाला: सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय अमृतसर के अधीन शाखा बटाला द्वारा आज एम.एस. विक्टोरिया भवन, अमृतसर-जालंधर बाईपास रोड, बटाला में एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के उद्यमियों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में अंचल कार्यालय चंडीगढ़ से श्री अनुपम अवधवाल, सहायक महाप्रबंधक, क्षेत्रीय कार्यालय अमृतसर से श्री साकिब अहमद खान, क्षेत्रीय प्रमुख, श्री अंकुर गांधी, मुख्य प्रबंधक, श्री परविंदर सिंह, शाखा प्रमुख, बटाला तथा बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राजिंदर सिंह, चेयरमैन, इंडस्ट्री एसोसिएशन बटाला थे।
अपने संबोधन में श्री अनुपम अवधवाल ने एमएसएमई क्षेत्र के विकास के लिए बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सेंट बिजनेस, सेंट कॉन्ट्रेक्टर, सेंट इंजीनियरिंग, सेंट होटल, सेंट एनर्जी एफिशिएंसी तथा सेंट जीएसटी जैसी योजनाओं के लाभों पर प्रकाश डालते हुए उद्यमियों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बैंक के ग्राहकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा बटाला शहर के अनेक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बैंक अधिकारियों के साथ विभिन्न वित्तीय योजनाओं पर संवाद किया।
कैंप के दौरान ग्राहकों से ₹119 करोड़ के एमएसएमई ऋण प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से ₹12.21 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए तथा ₹7 करोड़ के ऋणों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बैंक अधिकारियों ने सभी उपस्थित अतिथियों, उद्यमियों एवं ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी उद्यमियों, किसानों एवं ग्राहकों को त्वरित, सरल एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।