कलानौर : सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रजाती भवन, कलानौर, जिला गुरदासपुर में किसानों एवं ग्रामीण ग्राहकों को कृषि ऋण योजनाओं की जानकारी देने तथा कृषि क्षेत्र में ऋण प्रवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय अमृतसर से क्षेत्रीय प्रमुख श्री साकिब अहमद खान एवं मुख्य प्रबंधक श्री अंकुर गांधी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कलानौर शाखा प्रमुख श्री शाइन सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), कृषि अवसंरचना, डेयरी, पशुपालन, स्वयं सहायता समूह, गोल्ड लोन एवं अन्य कृषि संबद्ध गतिविधियों हेतु उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्राहकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बैंक की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रीय प्रमुख श्री साकिब अहमद खान ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा सुलभ एवं ग्राहक-अनुकूल ऋण सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
कैंप के दौरान 93 लीड्स के माध्यम से ₹10.81 करोड़ के ऋण प्रस्ताव प्राप्त हुए, ₹7.75 करोड़ के कृषि ऋण स्वीकृत किए गए तथा ₹3.43 करोड़ के कृषि ऋण वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन किसानों को बैंक की कृषि ऋण एवं बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के संदेश के साथ हुआ।