मोहाली : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, पंजाब द्वारा आज सीजीसी यूनिवर्सिटी, झंजेड़ी में राज्य स्तरीय "वॉक फॉर नशा मुक्त युवा" का आयोजन किया गया, जिसमें 1,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। यह कार्यक्रम देशव्यापी "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 संडे अभियान" के अंतर्गत आयोजित किया गया।
यह आयोजन अभियान के पहले महीने की थीम "मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव" के तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक ही दिन आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे वॉक को हरी झंडी दिखाई गई। विद्यार्थियों, एनएसएस एवं एनसीसी स्वयंसेवकों, माय भारत स्वयंसेवकों, युवा क्लबों और खिलाड़ियों ने नशा-मुक्त जीवन का संदेश देती तख्तियाँ और नारों के साथ परिसर में लगभग 3 किलोमीटर की पैदल यात्रा की।
वॉक के बाद सभी प्रतिभागी सभागार में एकत्र हुए और "नशा मुक्त युवा संकल्प" लिया। इसके बाद नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ, नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। प्रतिभागियों को टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 और राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी दी गई।
"नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 संडे अभियान" युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक कल्याण और खाली समय के सकारात्मक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए चलाया जा रहा एक निरंतर अभियान है। युवा माय भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) से जुड़कर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।