मजीठा हलका से अकाली दल की विधायक गनीव कौर मजीठिया ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर मार्गदर्शन करने की अपील की है। उन्होंने अपील करते हुए कहा है कि जत्थेदार इस संबंध में निर्देश जारी करें ताकि सेशन के दौरान वह पंथक मर्यादा और श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के अनुसार अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
इसके साथ ही गनीव कौर मजीठिया ने पत्र में जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (अमेंडमेंट) एक्ट, 2026 का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा जारी आदेशों और हिदायतों के अनुसार तय समय सीमा के अंदर जरूरी संशोधन नहीं किए है। वहीं मंत्री और विधायकों ने श्री अकाल तख्त साहिब पहुंच कर हिदायतों का पालन करने का वादा किया था। उनका कहना है कि वह एक MLA होने के साथ-साथ सबसे पहले गुरु साहिब की एक विनम्र सिख हैं, और श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखते हैं।