लालड़ू (साहिबजादा अजीत सिंह नगर): लालड़ू नगर काउंसिल में श्री सुखमनी साहिब जी के पाठ के भोग के उपरांत हलका विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा और जिला प्रधान श्रीमती प्रभजोत कौर की मौजूदगी में नगर काउंसिल के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने पदभार संभाले। इस अवसर पर श्री जोरावर सिंह ने नगर काउंसिल के प्रधान, स. हरीश मदान ने वरिष्ठ उपप्रधान और स. अमन राणा ने उपप्रधान के रूप में पदभार संभाला।
इस अवसर पर हलका विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने लालड़ू के विकास को नई गति देते हुए 47.54 करोड़ रुपये की लागत से नए सीवरेज प्रोजेक्ट की घोषणा की। इस प्रोजेक्ट के तहत लालड़ू और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार करने के साथ-साथ तीन नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एस.टी.पी.) स्थापित किए जाएंगे।
प्रोजेक्ट के तहत लैहली, हसनपुर और जलालपुर सहित मगरा, डहेर और आलमगीर क्षेत्रों को कवर करते हुए मगरा में 3 एम.एल.डी. क्षमता वाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसी प्रकार लालड़ू मंडी से वेरका तक सीवरेज नेटवर्क बिछाया जाएगा और वेरका में 3.5 एम.एल.डी. क्षमता वाला एस.टी.पी. स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा दप्पर में 1 एम.एल.डी. क्षमता वाला नया एस.टी.पी. भी स्थापित किया जाएगा।
विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि लालड़ू के सर्वांगीण विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि नए सीवरेज प्रोजेक्ट से क्षेत्र में सीवरेज प्रबंधन को और मजबूती मिलेगी तथा लोगों को लंबे समय से पेश आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर जीवन उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नगर काउंसिल के नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और लालड़ू के विकास को और गति देने के लिए मिल-जुलकर काम करने का आह्वान किया।