लालड़ू : लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही मांग को पूरा करते हुए हलका विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा की पहल और लगातार प्रयासों से नगर खेड़ा लालड़ू मंडी से धर्मगढ़ रोड को जाने वाली सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
इस संबंध में एसडीएम डेराबस्सी स. अमित गुप्ता के सहयोग से भारत सरकार के रक्षा विभाग और नगर काउंसिल लालड़ू के बीच सड़क के निर्माण संबंधी समझौते (Agreement) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी। लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इस मामले को संबंधित विभागों के समक्ष लगातार उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप अब सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।
उन्होंने बताया कि नगर काउंसिल लालड़ू द्वारा जल्द ही इस सड़क का निर्माण पूरा करके इसे लोगों को समर्पित किया जाएगा। इस सड़क के बनने से लालड़ू शहर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी तथा लंबे समय से पेश आ रही समस्या का समाधान होगा।
विधायक रंधावा ने कहा कि हलके के लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा उठाई जा रही हर जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।