चंडीगढ़ : मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) 2026 के चल रहे घर-घर गणना चरण के दौरान निर्धारित समय से पहले गणना फॉर्मों की 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए दिड़बा (ज़िला संगरूर) और निहाल सिंह वाला (ज़िला मोगा) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव अमले को बधाई दी।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी, ईआरओज़, एईआरओज़ और बीएलओज़ के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए श्रीमती मित्रा ने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि उनकी लगन और मिशन मोड में उनकी कार्य कुशलता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी ज़िले निर्धारित समय के भीतर डिजिटलीकरण का कार्य पूरा कर लेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पंजाब के उन मतदाताओं से भी अपील की, जिन्होंने अभी तक अपने गणना फॉर्म अपने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओज़) को जमा नहीं करवाए हैं, कि वे शीघ्र से शीघ्र ये फॉर्म जमा करवाएँ ताकि मसौदा मतदाता सूचियों में उनका नाम शामिल किया जाना सुनिश्चित किया जा सके।