जालंधर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय का प्रभारी बनाए जाने के निर्णय को भाजपा संगठन में उनके बढ़ते प्रभाव और केंद्रीय नेतृत्व के विशेष विश्वास के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी के रूप में तरुण चुघ संगठन के केंद्रीय कामकाज, चुनावी अभियानों के समन्वय, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के बीच तालमेल तथा राज्यों के साथ संगठनात्मक संवाद को और अधिक प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय को संगठन का संचालन केंद्र माना जाता है, जहां से पार्टी की रणनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का समन्वय किया जाता है।
लंबे समय से संगठन में सक्रिय
तरुण चुघ लंबे समय से भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने, चुनावी प्रबंधन तथा कार्यकर्ता आधारित कार्यक्रमों के सफल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पार्टी के भीतर उन्हें एक कुशल संगठनकर्ता और प्रभावी रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है।
पंजाब के नेता को अहम जिम्मेदारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपना संगठन में उनकी स्वीकार्यता और विश्वसनीयता को दर्शाता है। विशेष रूप से पंजाब से आने वाले किसी नेता को राष्ट्रीय मुख्यालय जैसी अहम जिम्मेदारी मिलना राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंजाब से पहले भी कई नेता राष्ट्रीय स्तर पर काम कर चुके हैं लेकिन इस स्तर की जिम्मेदारी पहली बार किसी नेता को दी गई है। नियुक्ति की घोषणा के बाद पंजाब के विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की। अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और चंडीगढ़ सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और इसे पंजाब भाजपा के लिए गौरव का क्षण बताया। अमृतसर स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर और पटाखे चलाकर खुशी का इजहार किया।
केंद्रीय संगठन में भूमिका होगी और अधिक प्रभावशाली
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि राष्ट्रीय मुख्यालय की जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा के केंद्रीय संगठन में तरुण चुघ की भूमिका और अधिक प्रभावशाली होगी। आने वाले समय में संगठनात्मक विस्तार, चुनावी रणनीति और राज्यों के साथ समन्वय के मामलों में उनकी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल सकती है। फिलहाल भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच यह संदेश स्पष्ट है कि संगठन के प्रति लंबे समय से किए गए समर्पित कार्य और नेतृत्व क्षमता के आधार पर तरुण चुघ को पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण दायित्वों में से एक सौंपा गया है, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के विश्वास और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।