पंजाब भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को रवाना करने के लिए शुक्रवार को पठानकोट पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन उस समय भावुक हो गए, जब नशे की वजह से अपने बेटे को खो चुकी एक मां अपनी व्यथा सुनाते हुए उनके सामने रो पड़ी। यह दृश्य इतना भावुक था कि नितिन नबीन की आंखें भी भर आईं। पंजाब दौरे से लौटने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट के साथ इसका वीडियो भी साझा किया। वीडियो में एक मां नितिन नबीन से बातचीत करते हुए रो पड़ती है। यह देखकर नितिन नबीन भावुक होकर अपनी सीट से खड़े हो जाते हैं और महिला को हाथ जोड़कर ढांढस बंधाते हैं।
अपनी पोस्ट में नितिन नबीन ने लिखा, “इन माताओं का दर्द अंदर तक झकझोर गया है। एक मां के लिए इससे बड़ा दुख और क्या हो सकता है कि उसका बेटा उसकी आंखों के सामने नशे के कारण दुनिया से चला जाए।” दरअसल, शुक्रवार को ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को रवाना करने से पहले नितिन नबीन ने उन परिवारों से मुलाकात की, जिनके बच्चे नशे की चपेट में आ चुके हैं या नशे के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को इस तरह नशे में डूबते देखना स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस संकट से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर आगे आना होगा।
वीडियो में उनके चेहरे पर नजर आ रहा दर्द उनके भाषण में भी साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा था, “पंजाब की पहचान नशा नहीं हो सकती। पंजाब की पहचान गुरुओं की बाणी है। पंजाब की पहचान किसानों का पसीना है। पंजाब की पहचान हमारे सैनिकों की बहादुरी है और पंजाब की पहचान हमारे खिलाड़ियों का जज़्बा है।”