मोहाली : मोहाली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा सिंह शहीदां, सोहाना में रविवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज की मौजूदगी के दौरान गुरुद्वारा साहिब के अंदर एक व्यक्ति से कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आई। इस घटना के बाद वहां मौजूद संगत में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मामला गरमाने के बाद निहंग सिंह जत्थेबंदियों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में गुरुद्वारा साहिब पहुंच गए। इस दौरान निहंग सिंहों से कथित तौर पर धक्का-मुक्की होने की बातें भी सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी शरारती तत्व द्वारा गुरुद्वारा साहिब का अमन-चैन भंग करने की कोशिश की गई जिस कारण ये विवाद खड़ा हुआ। फिलहाल इस घटना के बारे में आधिकारिक पक्ष या पुलिस की ओर से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। घटना के कारणों और हालातों के बारे में और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।