साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर : सरकारी कॉलेज, एस.ए.एस. नगर के करियर एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, एस.ए.एस. नगर के सहयोग से कल कॉलेज के सेमिनार रूम में करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया।
यह सेमिनार कॉलेज की प्रिंसिपल श्रीमती जसप्रीत कौर बैंस के नेतृत्व तथा श्रीमती अनुरीत भल्ला, कन्वीनर, करियर एवं प्लेसमेंट सेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
सेमिनार के दौरान श्रीमती सुखमन बाठ, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा नबीहा, करियर काउंसलर ने विद्यार्थियों को करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर बी.सी.ए., बी.बी.ए., बी.कॉम. और बी.एससी. सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
स्रोत व्यक्तियों ने विद्यार्थियों को नेशनल करियर सर्विस पोर्टल, उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं, पंजाब रोजगार पोर्टल तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा स्टार्टअप एवं उद्यमिता को करियर के एक विकल्प के रूप में अपनाने, कौशल-आधारित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा आई.टी.आई. पाठ्यक्रमों संबंधी भी जानकारी साझा की गई।
विद्यार्थियों को रिज्यूमे तैयार करने तथा प्रभावी नौकरी आवेदनों के लिए रिज्यूमे को प्रोफेशनल तरीके से तैयार करने संबंधी व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। इस दौरान विभिन्न रिज्यूमे-मेकिंग एवं रिज्यूमे-एनहांसमेंट टूल्स के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत करवाया गया।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार, उच्च शिक्षा, उद्यमिता, कौशल विकास एवं रिज्यूमे तैयार करने से संबंधित अवसरों के बारे में जागरूक करना तथा उन्हें रोजगार बाजार के लिए प्रभावी ढंग से तैयार करना था।
अंत में प्रो. गुरप्रीत कौर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने स्रोत व्यक्तियों द्वारा दिए गए मूल्यवान मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।