दीनानगर : गुरदासपुर में गवर्नमेंट कॉलेज रोड पर एक प्राइवेट अस्पताल के बाहर बनी कबाड़ की दुकान में कल देर रात आग लग गई। दुकान के मालिक विकास महाजन अपने परिवार के साथ अमृतसर घूमने गए थे। उन्हें दुकान में आग लगने की जानकारी एक दोस्त से मिली। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत गुरदासपुर फायर ब्रिगेड को फोन किया गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
फायर ऑफिसर सुखविंदर सिंह और उनकी टीम ने आग पर काबू पा लिया है और अब हालात काबू में हैं। आग लगने से दुकान में रखा काफी प्लास्टिक और दूसरा कबाड़ का सामान जलकर राख हो गया है। गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। दुकान के ऊपर एक घर है। जहां परिवार रहता है। फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से घर आग की चपेट में आने से बच गया। आसपास के लोगों ने दुकान मालिक की मदद की और सामान बाहर निकालने में सहयोग किया।