साहिबजादा अजीत सिंह नगर : पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय साहिबजादा अजीत सिंह नगर द्वारा नगर निगम मोहाली के सहयोग से आज मोहाली के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के हानिकारक प्रभावों के संबंध में आम लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया।
यह जागरूकता कार्यक्रम मदनपुर चौक, मोहाली बस अड्डा तथा सब्जी मंडी, सेक्टर 68, मोहाली में आयोजित किया गया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कलाकारों ने एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया तथा लोगों को इसके उपयोग से बचने और पुनः उपयोग योग्य एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जिम्मेदारी से कचरा प्रबंधन करने, प्लास्टिक कचरे को कम करने तथा शहर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक करना था।