चंडीगढ़ : जाट सभा चंडीगढ़/पंचकुला की कार्यकारी समिति की बैठक सभा के प्रधान डॉ. महेन्द्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में सेक्टर-27 स्थित जाट भवन में संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में जाट सभा के दिवंगत सदस्यों एवं उनके संबंधियों की आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात सभा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर क्रमबद्ध तरीके से चर्चा की गई और साथ ही 'चौ. छोटूराम यात्री निवास कटड़ा' के भवन निर्माण की प्रगति पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के बाद जानकारी देते हुए जाट सभा के प्रधान डॉ मलिक ने बताया कि जाट भवन चंडीगढ़ में सांसद मनीष तिवारी की सांसद निधि से नवनिर्मित लिफ्ट बन कर तैयार हो गई है, अब उसका उद्घाटन सांसद मनीष तिवारी स्वयं 1 नवंबर 2026 को 'हरियाणा दिवस' के अवसर पर करेंगे। इसी बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों की नियुक्तियाँ भी की गईं।
सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता अशोक कुमार श्योकंद को संगठन का नया उप-प्रधान, सेवानिवृत्त उप-मंडल अधिकारी रामफल नैन को वित्त सचिव तथा गौरव श्योराण पुत्र आर. आर श्योराण को कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया है। बैठक में उप-प्रधान जयपाल पुनिया, सचिव बी. एस गिल, संयुक्त सचिव एम. एस फौगाट तथा एस. एस हुड्डा, पब्लिक रिलेशन सेक्रेटरी जे० एस० ढिल्लो तथा एडिटर मनबीर सांगवान सहित सभा के अन्य प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।